Mahindra XUV 7XO Launch: कल बदलेगा SUV सेगमेंट का गेम, 540° कैमरा और ट्रिपल स्क्रीन के साथ होगी एंट्री

Spread the love

भारतीय SUV बाजार में महिंद्रा एक बार फिर बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी अपनी पॉपुलर SUV XUV700 के फेसलिफ्ट अवतार को XUV 7XO नाम से कल, 5 जनवरी को लॉन्च करने जा रही है। टीज़र से साफ हो चुका है कि यह SUV सिर्फ अपडेट नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी और प्रीमियम एक्सपीरियंस के मामले में बड़ा छलांग होगी। 540° व्यू कैमरा, ट्रिपल स्क्रीन सेटअप और डॉल्बी एटमॉस साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स इसे सेगमेंट में अलग पहचान दिलाने वाले हैं।

मौजूदा Mahindra XUV700 की कीमत 13.66 लाख से 23.71 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। नई XUV 7XO की कीमत इससे थोड़ी ज्यादा रखे जाने की उम्मीद है। लॉन्च के बाद इसका सीधा मुकाबला Scorpio-N, Tata Safari, Hyundai Alcazar और MG Hector Plus से होगा।

डिजाइन की बात करें तो XUV 7XO में ज्यादा बोल्ड और मस्कुलर लुक देखने को मिलेगा। फ्रंट में नई अपराइट मल्टी-स्लेट ग्रिल, डुअल-पॉड LED प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, शार्प एयर डैम और चौड़ी स्किड प्लेट के साथ नया बंपर दिया जाएगा। साइड प्रोफाइल में 18-इंच के नए अलॉय व्हील्स और रियर में कनेक्टेड LED टेललैंप्स SUV को और प्रीमियम बनाएंगे। यह मॉडल नए मोनोटोन और डुअल-टोन कलर ऑप्शन के साथ आ सकता है।

केबिन के अंदर सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। XUV 7XO भारत में Tata Harrier EV के बाद ट्रिपल-स्क्रीन लेआउट देने वाली दूसरी कार हो सकती है। हल्के रंग की इंटीरियर थीम, बेज सीट्स और टेक-फोकस्ड डैशबोर्ड इसे ज्यादा फ्यूचरिस्टिक बनाएगा। फ्रंट में मसाजिंग और वेंटिलेटेड सीट्स, 6-सीटर वैरिएंट में रियर वेंटिलेटेड सीट्स, मल्टी-कलर एम्बिएंट लाइटिंग और अतिरिक्त वायरलेस चार्जर जैसे फीचर्स SUV को लग्जरी सेगमेंट के करीब ले जाते हैं।

ऑडियो एक्सपीरियंस भी पूरी तरह अपग्रेड होगा। इसमें डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट के साथ 16-स्पीकर हार्मन कार्डन साउंड सिस्टम मिलने की उम्मीद है, जो केबिन को थिएटर जैसा फील देगा। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, पावर्ड ड्राइवर सीट विद मेमोरी और डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स पहले की तरह मौजूद रहेंगे।

सेफ्टी के मोर्चे पर भी XUV 7XO काफी मजबूत नजर आती है। इसमें 7 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, 360 डिग्री कैमरा, TPMS, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक के साथ लेवल-2 ADAS दिए जाने की उम्मीद है। इसमें ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट और फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग जैसे एडवांस फीचर्स शामिल होंगे।

परफॉर्मेंस के मामले में SUV भरोसेमंद इंजन ऑप्शन के साथ आएगी। इसमें 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 200PS की पावर और 380Nm का टॉर्क देता है, वहीं 2.2 लीटर डीजल इंजन 185PS और 450Nm का दमदार आउटपुट देगा। दोनों इंजन 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमेटिक गियरबॉक्स के साथ आएंगे। डीजल ऑटोमेटिक वैरिएंट में ऑल व्हील ड्राइव का ऑप्शन भी मिलेगा, जो ऑफ-रोडिंग पसंद करने वालों को खासा आकर्षित करेगा।

कुल मिलाकर, महिंद्रा XUV 7XO सिर्फ फेसलिफ्ट नहीं बल्कि टेक्नोलॉजी, सेफ्टी और लग्जरी का बड़ा पैकेज बनकर सामने आने वाली है। अगर कीमत सही रखी गई, तो यह SUV सेगमेंट में कई प्रतिद्वंद्वियों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *