बस्तर अंचल में बेटियों की पढ़ाई को मजबूत आधार देने की दिशा में एक अहम पहल के तहत दरभा मंडल के विभिन्न शासकीय विद्यालयों की 209 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलें प्रदान की गईं। ग्राम छिंदबहार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक Kiran Dev ने छात्राओं को यह सुविधा सौंपते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा ही विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव है और शिक्षा तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
किरण देव ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में दूरी और साधनों की कमी अक्सर छात्राओं की पढ़ाई में बाधा बनती है। ऐसे में साइकिल केवल एक वाहन नहीं, बल्कि शिक्षा तक पहुंच का सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से लक्ष्य तय कर मनपसंद विषयों में पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि जब बेटियां पढ़ेंगी, तभी परिवार, समाज और प्रदेश का विकास तेज होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है ताकि किसी भी बेटी को स्कूल आने-जाने में कठिनाई न हो।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदेश का समग्र विकास किया जा रहा है। Jagdalpur विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों को व्यवस्थित, संसाधन-संपन्न और बेहतर बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा, ताकि शिक्षा के स्तर में किसी तरह की कमी न रह जाए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिसके बाद विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, जनपद अध्यक्ष मानकदई कश्यप, जिला पंचायत सदस्य संपत्ति नाग, मंडल अध्यक्ष देवीप्रसाद बेंजाम, जनपद सदस्य कमलू राम कवासी, जनपद सीईओ विपिन दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बधेल, बीईओ जगदीश पात्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
दरभा मंडल अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेगानार, मावलीपदर, छिंदबहार, तीरथगढ़, कोलेंग, सेजस दरभा और सेजस चिंगपाल की छात्राओं को मिलाकर कुल 209 साइकिलें वितरित की गईं। यह पहल न केवल स्कूल तक पहुंच को आसान बनाएगी, बल्कि बस्तर की बेटियों को आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की दिशा में भी आगे बढ़ाएगी।