सुरक्षा माह के अंतर्गत एसएमएस-2 में सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप–2 (एसएमएस-2) द्वारा सुरक्षा माह के अंतर्गत 08 जनवरी 2026 को वर्क्स बिल्डिंग–26 में एक व्यापक सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करना तथा कर्मचारियों एवं श्रमिकों को सुरक्षित कार्य पद्धतियों के प्रति प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम को मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री डी. सत्पथी तथा कार्यकारी विभागाध्यक्ष (एसएमएस-2) श्री एस. देबसिकदार ने संबोधित किया। अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने कार्यस्थल पर सुरक्षा प्रक्रियाओं के कठोर अनुपालन, जोखिमों की पूर्व पहचान (प्रो-एक्टिव हैज़र्ड आइडेंटिफिकेशन) तथा सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कर्मचारियों एवं श्रमिकों से आह्वान किया कि वे सुरक्षित कार्य व्यवहार को दैनिक कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाएं और शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्रिय योगदान दें।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा संदेश को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने के उद्देश्य से सुरक्षा विषय पर आधारित लघु नाट्य प्रस्तुति, सुरक्षा पर केंद्रित कविताओं का सस्वर पाठ तथा ‘नियर मिस’ घटनाओं के लिए कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इन गतिविधियों ने कार्यक्रम को संवादात्मक एवं जीवंत स्वरूप प्रदान करते हुए प्रतिभागियों में सुरक्षा के प्रति सजगता, सहभागिता और व्यवहारगत सीख को सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *