Meta Pixel

प्रेम, लालच और भरोसे की साज़िश: भतीजी ने प्रेमी संग रची करोड़ों की चोरी, 5 आरोपी सलाखों के पीछे

Spread the love

छत्तीसगढ़ के जशपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज चोरी कांड सामने आया है। थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम केराडीह, रैनीडांड में हुई इस वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि चोरी किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि घर की ही भतीजी ने अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर अंजाम दी। आईफोन, लग्ज़री लाइफ और ऐशो-आराम के लालच में रची गई इस साज़िश में 15 लाख रुपये नकद और करीब 4 किलो सोना-चांदी के जेवरात उड़ाए गए, जिनकी कुल कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।

जांच में सामने आया कि चोरी के बाद आरोपियों ने पैसों से महंगी कार खरीदी, पार्टियां कीं और बाहर शहरों में मौज-मस्ती की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके कब्जे से एक कार, नकद रकम, सोने के बिस्किट, मंगलसूत्र, कड़ा, एक आईफोन और चार एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है और तलाश तेज़ कर दी गई है। जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है।

इधर, अंबिकापुर में भी चोरी की एक बड़ी वारदात ने सरकारी राशन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 7 जनवरी की रात ग्राम कोरजा स्थित पीडीएस दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 13 क्विंटल चना, 4 क्विंटल शक्कर और 7 क्विंटल चावल लेकर फरार हो गए। चोरी गए राशन की कीमत करीब 30,800 रुपये बताई जा रही है। सुबह दुकान खुलने पर ताले टूटे मिले और सारा राशन गायब था, जिसके बाद लखनपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस को शक है कि यह किसी संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है, क्योंकि इससे पहले भी कोसगां, केवरा और कुंवरपुर क्षेत्रों में इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल आसपास के इलाकों में पूछताछ जारी है और संदिग्धों की तलाश तेज़ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *