Meta Pixel

सुरक्षा जागरूकता माह–जनवरी 2026 के अंतर्गत सेक्टर–8 पार्क में स्कूली विद्यार्थियों के लिए तात्कालिक सुरक्षा ड्रॉइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

सेल– भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा जनवरी 2026 को सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत सुरक्षा के प्रति जागरूकता को जन–जन तक पहुँचाने तथा सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से, सुरक्षा अभियाँत्रिकी विभाग द्वारा दिनांक 11 जनवरी, 2026 (रविवार) को सुनीति उद्यान सेक्टर–8 पार्क में प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक स्कूली छात्र–छात्राओं के लिए तात्कालिक सुरक्षा ड्रॉइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को ¼ आकार की ड्रॉइंग शीट सुरक्षा अभियाँत्रिकी विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि पेंटिंग हेतु आवश्यक अन्य सामग्री जैसे पेंसिल, वाटर कलर, ऑयल पेंट, क्रेयॉन कलर आदि प्रतिभागियों को स्वयं लानी होगी। प्रतियोगिता में चयनित प्रविष्टियों को नेहरू आर्ट गैलरी, सिविक सेंटर, भिलाई में आयोजित ड्रॉइंग एवं पेंटिंग प्रदर्शनी में 19 जनवरी 2026 से 23 जनवरी, 2026 तक प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रतियोगिता को छात्र–छात्राओं के लिए कुल छः श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें नर्सरी, कक्षा 1 से 3, कक्षा 4 से 5, कक्षा 6 से 8, कक्षा 9 से 12 तथा शारीरिक रूप से दिव्यांग (फिजिकली चैलेंज्ड) विद्यार्थी शामिल हैं।

इच्छुक प्रतिभागी 11 जनवरी 2026 (रविवार) को प्रातः 09:00 बजे सुनीति उद्यान सेक्टर–8 पार्क के प्रवेश द्वार पर उपस्थित होकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। प्रतियोगिता के विजेताओं को 19 जनवरी, 2026 को नेहरू आर्ट गैलरी में आयोजित ड्रॉइंग एवं पेंटिंग प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी, भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा भिलाई नगर एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के समस्त विद्यालयों के प्राचार्यों से अनुरोध किया गया है कि वे इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *