सेल स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रन फॉर सेल; 24 जनवरी को भिलाई में 5 कि.मी. पैदल चाल/दौड़ का आयोजन

Spread the love

सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा सेल स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ‘रन फॉर सेल’ दिनांक 24 जनवरी, 2026 को प्रातः 08.00 बजे से जयंती स्टेडियम, इंदिरा प्लेस, भिलाई में 5 किलोमीटर पैदल चाल/दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य सेल परिवार के सदस्यों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।

उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने वाली श्रेणियों को सेल प्रशासनिक कार्यालय द्वारा निर्धारित मार्गदर्शक के अनुसार बालिका/महिला एवं बालक/पुरुष वर्ग में विभाजित किया गया है। बालिका/महिला वर्ग में कक्षा छठवीं तक, कक्षा सातवीं से बारहवीं तक, बारहवीं से 45 वर्ष तक, 46 वर्ष से 60 वर्ष तक तथा भूतपूर्व कर्मचारी (सेवानिवृत्त) श्रेणियाँ शामिल हैं। वहीं, बालक/पुरुष वर्ग में भी कक्षा छठवीं तक, कक्षा सातवीं से बारहवीं तक, बारहवीं से 45 वर्ष तक, 46 वर्ष से 60 वर्ष तक तथा भूतपूर्व कर्मचारी (सेवानिवृत्त) श्रेणियाँ निर्धारित की गई हैं।

सभी प्रतिभागियों को दिनांक 24 जनवरी, 2026 को प्रातः 07.00 बजे जयंती स्टेडियम, इंदिरा प्लेस में रिपोर्ट करना होगा, जहां दौड़/पैदल चाल हेतु एकत्रित होने के पश्चात मार्ग की जानकारी दी जाएगी। दौड़ प्रातः 08.00 बजे प्रारंभ होगी तथा समापन कार्यक्रम प्रातः 10.30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह सेल प्रशासन द्वारा प्रदान किए जाएंगे। सभी सेल इकाइयों में सर्वश्रेष्ठ समय देने वाले एक बालक एवं एक बालिका को 5,000 रूपये नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा एवं कक्षा छठवीं तक के विद्यार्थियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बालक एवं बालिका को 3,000 रूपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों का पंजीकरण दिनांक 12 जनवरी 2026 से 22 जनवरी 2026 तक क्रीड़ा कार्यालयीन दिवसों में प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 01.00 बजे तथा अपराह्न 04.00 बजे से 06.00 बजे तक जयंती स्टेडियम में किया जाएगा। पंजीकरण के समय सभी प्रतिभागियों को अपना पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। छात्र–छात्राओं को पंजीकरण के समय अपने विद्यालय प्रमुख से कक्षा एवं शाला प्रमाणन कराना आवश्यक होगा, जिसके आधार पर अलग–अलग सूचियाँ तैयार की जाएंगी।

यह प्रतियोगिता केवल सेल कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों, भूतपूर्व कर्मचारियों तथा सेल द्वारा संचालित शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी, प्रशिक्षक (एथलेटिक्स) श्री अनिरुद्ध के मोबाइल नंबर 9928116160 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *