राजस्थान चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी अपडेट सामने आई है। Rajasthan Staff Selection Board (RSSB), जयपुर ने रिजल्ट और फाइनल आंसर की जारी करने के बाद अब आधिकारिक तौर पर RSSB 4th Grade Score Card 2026 भी जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने यह परीक्षा दी थी, वे अब अपना स्कोरकार्ड ऑनलाइन चेक और डाउनलोड कर सकते हैं।
राजस्थान ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का आयोजन 19, 20 और 21 सितंबर 2025 को किया गया था। परीक्षा के बाद प्रोविजनल आंसर की जारी हुई, जिस पर 8 से 10 नवंबर 2025 तक आपत्तियां ली गईं। सभी आपत्तियों के निपटारे के बाद बोर्ड ने 15 जनवरी 2026 को रिजल्ट घोषित किया और 21 जनवरी 2026 को फाइनल आंसर की जारी की। अब इसी प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का स्कोरकार्ड भी उपलब्ध करा दिया गया है।
अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड recruitment.rajasthan.gov.in वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए आवेदन संख्या, जन्मतिथि और कैप्चा कोड दर्ज करना होगा। लॉगिन करते ही स्क्रीन पर स्कोरकार्ड खुल जाएगा, जिसे भविष्य की प्रक्रिया के लिए डाउनलोड या प्रिंट करना जरूरी माना जा रहा है।
इस भर्ती अभियान के जरिए राजस्थान में कुल 53,749 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें प्रशासनिक सुधार विभाग के अंतर्गत विभिन्न विभागों और अधीनस्थ कार्यालयों के लिए बड़ी संख्या में पद शामिल हैं, साथ ही शासन सचिवालय और अन्य इकाइयों के रिक्त पद भी इसी भर्ती से भरे जाएंगे। अब स्कोरकार्ड जारी होने के बाद अभ्यर्थियों की नजरें कटऑफ और आगे की चयन प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आगे के सभी अपडेट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सूचनाओं के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें, ताकि किसी भी जरूरी सूचना से चूक न हो।