सेल– भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग द्वारा विगत दिनों में ग्राम पंदर में एक दिवसीय निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में ग्राम एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 400 ग्रामीणों ने विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
बीएसपी द्वारा आयोजित इस मेडिकल कैम्प में जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. रघुनंदन बिसोई, कान-नाक-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अश्विन अशोक जायसवाल, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. पलाश तिवारी, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शशांक अग्रवाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुलभ साहू तथा सामान्य चिकित्सा विभाग से डॉ. देवेश कुमार साहू ने परामर्श एवं परीक्षण किया।
शिविर के दौरान फार्मासिस्ट श्री मनीष कुमार द्वारा दवाइयों का प्रबंधन किया गया व लाभार्थियों के पंजीयन कार्य में श्री राकेश कुमार का योगदान रहा। इस अवसर पर चिकित्सकीय जांच उपरांत मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके साथ ही मेडिकल टीम द्वारा ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न रोगों की रोकथाम एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित उपयोगी जानकारियां भी दी गईं।
शिविर को सफल बनाने में संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग से उप प्रबंधक श्री के. के. वर्मा एवं श्री बुधेलाल साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।