AI की मार: अमेजन में फिर बड़ी छंटनी, 16 हजार कॉरपोरेट कर्मचारियों की जाएगी नौकरी

Spread the love

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Amazon ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी का ऐलान कर दिया है। कंपनी दुनियाभर में अपने करीब 16 हजार कॉरपोरेट कर्मचारियों की नौकरियां खत्म करने जा रही है। यह बीते तीन महीनों में अमेजन की दूसरी बड़ी छंटनी है, जिसका सीधा कारण महामारी के दौरान जरूरत से ज्यादा हुई भर्ती, संगठन को सरल बनाना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल को बताया जा रहा है।

इससे पहले अमेजन लगभग 14 हजार पदों में कटौती की घोषणा कर चुका है। इन दोनों चरणों को मिलाकर कुल छंटनी का आंकड़ा लगभग उसी स्तर पर पहुंच जाता है, जैसा कंपनी ने 2022 के अंत और 2023 की शुरुआत में किया था, जब करीब 27 हजार कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया था। साफ है कि कंपनी लगातार अपने ढांचे को नए सिरे से आकार दे रही है।

अमेजन की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (पीपल एक्सपीरियंस एंड टेक्नोलॉजी) बेथ गैलेटी के मुताबिक, इस फैसले से कंपनी के लगभग 16 हजार पद प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रभावित कर्मचारियों को सपोर्ट देने की पूरी कोशिश की जा रही है। अमेरिका में कर्मचारियों को 90 दिनों का समय मिलेगा, ताकि वे अमेजन के भीतर ही किसी दूसरी भूमिका के लिए आवेदन कर सकें। जो कर्मचारी नई भूमिका नहीं ढूंढ पाएंगे या ऐसा नहीं करना चाहेंगे, उन्हें सेवेरेंस पैकेज, करियर ट्रांजिशन सपोर्ट और हेल्थ इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।

गैलेटी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कोई नियमित या हर कुछ महीनों में होने वाली प्रक्रिया नहीं है। फिलहाल अमेजन के पास दुनियाभर में करीब 15.7 लाख कर्मचारी हैं, जिनमें से बड़ी संख्या वेयरहाउस में काम करती है। कंपनी का कॉरपोरेट स्टाफ लगभग 3.5 लाख का है, ऐसे में यह छंटनी करीब 4.6 प्रतिशत कॉरपोरेट वर्कफोर्स को प्रभावित करेगी।

कंपनी के सीईओ Andy Jassy पहले ही संकेत दे चुके हैं कि एआई के बढ़ते इस्तेमाल से अमेजन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और लंबे समय में कॉरपोरेट कर्मचारियों की जरूरत कम हो सकती है। इसके साथ ही कंपनी अपने वेयरहाउस नेटवर्क में रोबोटिक्स पर भी भारी निवेश कर रही है, ताकि डिलीवरी तेज हो, लागत घटे और मानव श्रम पर निर्भरता कम की जा सके।

गौरतलब है कि कोविड-19 के दौरान Meta और Microsoft जैसी टेक कंपनियों ने भी तेजी से भर्तियां की थीं। अब मांग सामान्य होने के बाद ये कंपनियां अपने बिजनेस मॉडल और कर्मचारियों की संख्या को नए सिरे से संतुलित कर रही हैं। अमेजन अपने तिमाही नतीजे 5 फरवरी को जारी करेगा, जिस पर निवेशकों और कर्मचारियों की नजरें टिकी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *