सामाजिक मुद्दों पर बेबाक सिनेमा के लिए पहचाने जाने वाले निर्देशक अनुभव सिन्हा एक बार फिर चर्चा में हैं। उनकी नई फिल्म अस्सी का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर बहस छेड़ चुका है। इस फिल्म में तापसी पन्नू करीब डेढ़ साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं और इस बार वह एक जुझारू वकील के किरदार में नजर आ रही हैं, जो यौन हिंसा की शिकार महिला को न्याय दिलाने के लिए सिस्टम से टकराती है।
ट्रेलर की शुरुआत ही झकझोर देने वाली है। कहानी में एक महिला, जिसका किरदार कनी कुसरुति ने निभाया है, सामूहिक बलात्कार का शिकार होती है और बाद में उसे चलती कार से बाहर फेंक दिया जाता है। यहीं से फिल्म का असली संघर्ष शुरू होता है। तापसी पन्नू का किरदार इस केस को अपने हाथ में लेता है और अदालत के भीतर-बाहर न्याय की कठिन लड़ाई लड़ता दिखाई देता है।
‘अस्सी’ का ट्रेलर सिर्फ कोर्टरूम ड्रामा तक सीमित नहीं रहता। इसमें जांच की तनावपूर्ण प्रक्रिया, सामाजिक दबाव, पीड़िता की मानसिक पीड़ा और न्याय व्यवस्था की जटिलताओं को भी सामने रखा गया है। अनुभव सिन्हा की पहचान के मुताबिक फिल्म सवाल उठाती है—क्या सच साबित करना ही सबसे बड़ी लड़ाई है, या सिस्टम की सोच बदलना उससे भी बड़ी चुनौती है? ट्रेलर में यह भी साफ झलकता है कि फिल्म आने वाली पीढ़ियों पर ऐसे अपराधों के असर जैसे बड़े और असहज मुद्दों को छूने की कोशिश करती है।
फिल्म की स्टार कास्ट भी मजबूत नजर आती है। तापसी के साथ रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा विशेष किरदारों में दिखाई देंगे।
टी-सीरीज़ और बनारस मीडिया वर्क्स के बैनर तले बनी ‘अस्सी’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज के साथ ही इसका सामना मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म दो दीवाने सहर में से से होगा।
कुल मिलाकर, ‘अस्सी’ का ट्रेलर साफ संकेत देता है कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने वाली एक तीखी और जरूरी बहस छेड़ने आ रही है।