छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित कावेरी इंडस्ट्री की तार फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। चंद मिनटों में आग ने फैक्ट्री के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर से पहले तेज धुआं निकलता दिखा और इसके तुरंत बाद आग की लपटें भड़क उठीं। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में तार, ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे, जिस वजह से आग बेहद तेजी से फैलती चली गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने बिना देर किए फैक्ट्री को खाली कराया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। यह पूरा मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। सुरक्षा के लिहाज से आसपास के इलाके को भी घेराबंदी कर सील कर दिया गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को भारी धुएं और तेज लपटों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे घटनास्थल से दूर रहें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा कच्चा माल और मशीनरी जलकर खाक हो गई है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। फिलहाल एहतियात के तौर पर कूलिंग का काम जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।


