सड़क सुरक्षा माह का समापन : स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल बोले- सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हेलमेट पहनना होगा अनिवार्य

Spread the love

मनेंद्रगढ। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सड़क सुरक्षा माह के समापन पर मनेंद्रगढ पहुंचे। कार्यक्रम में जिला पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह के दौरान चलाए गए अभियानों, जांच कार्यवाहियों और जनजागरूकता गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। विभिन्न पोस्टर, प्रदर्शनी और संदेश सामग्री के माध्यम से भी यातायात नियमों का महत्व समझाया गया।

उन्होंने कहा कि, स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। एक्सीडेंट के बाद सबसे अधिक स्वास्थ्य विभाग का काम बढ़ता है। मै विभिन्न अधिकारी कर्मचारी संगठन के साथ मिलकर हेलमेट की अनिवार्यता के लिए बात करूंगा। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी कर्मचारी हेलमेट पहने यह मेरा आग्रह है।

सड़क दुर्घटनाएं केवल सरकारी आंकड़े नहीं, बल्कि हैं परिवारों का दर्द 
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने आगे कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल सरकारी आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि इनके पीछे परिवारों का दर्द, बच्चों का भविष्य और घरों की खुशियां जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि सड़क पर लापरवाही का एक क्षण पूरे जीवन पर भारी पड़ सकता है, इसलिए यातायात नियमों का पालन किसी दंड के भय से नहीं बल्कि जीवन की रक्षा के संकल्प से होना चाहिए।

तेज रफ्तार, स्टंट और बिना सुरक्षा साधनों के ना चलायें वाहन
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तेज रफ्तार, स्टंट और बिना सुरक्षा साधनों के वाहन चलाना साहस नहीं, बल्कि गंभीर जोखिम है। हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन जीवन की सुरक्षा कवच है। सड़क सुरक्षा सीधे स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा विषय है दुर्घटना के बाद इलाज जरूरी है, लेकिन दुर्घटना की रोकथाम उससे भी बड़ा और सस्ता इलाज है।

नाबालिग बच्चों को न सौंपें वाहन 
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें और स्वयं भी नियमों का पालन कर उदाहरण प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने पुलिस विभाग और प्रशासन द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही सड़क सुरक्षा अभियान स्थायी परिणाम देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *