सऊदी सिनेमा और बॉलीवुड का दमदार मेल अब बड़े पर्दे पर धमाका करने को तैयार है। सऊदी अरब की मेगा एक्शन फिल्म 7 Dogs का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा का केंद्र बन गया है, और इसकी सबसे बड़ी वजह बने हैं Salman Khan और Sanjay Dutt। दोनों सुपरस्टार्स के कैमियो ने ट्रेलर की सारी लाइमलाइट अपने नाम कर ली है और सोशल मीडिया पर फैंस की एक्साइटमेंट साफ नजर आ रही है।
ट्रेलर में सलमान खान बेहद स्टाइलिश अंदाज़ में सफेद सूट पहनकर नजर आते हैं। उनका कॉन्फिडेंट लुक और एक छोटा-सा संवाद ही फैंस के लिए काफी रहा, जिसने पूरे ट्रेलर का माहौल बदल दिया। वहीं संजय दत्त की एंट्री बिल्कुल अलग लेवल की इंटेंसिटी लेकर आती है। उनके पीछे चलते लोग, हाथ में पकड़ा हाई-टेक गैजेट और भारी-भरकम पर्सनालिटी उनके किरदार को रहस्यमय और खतरनाक बना देती है। भले ही ट्रेलर में दोनों को एक्शन करते नहीं दिखाया गया, लेकिन यही सस्पेंस दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ा रहा है।
ट्रेलर रिलीज होते ही सलमान और संजय दत्त के सीन्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। फैंस ने दोनों की स्क्रीन प्रेज़ेंस और स्वैग की जमकर तारीफ की है। कई यूजर्स ने लिखा कि यह जोड़ी बड़े पर्दे पर फिर से साथ देखकर पुरानी यादें ताजा हो गईं, तो कुछ ने सलमान के डायलॉग और संजय दत्त के रौबदार अंदाज़ को ट्रेलर का सबसे पावरफुल हिस्सा बताया। कुल मिलाकर, कैमियो होने के बावजूद दोनों सुपरस्टार्स ने पूरा फोकस अपनी ओर खींच लिया है।
गौरतलब है कि सलमान खान और संजय दत्त इससे पहले Saajan, Dus और Chal Mere Bhai जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। हाल ही में दोनों Old Money म्यूजिक वीडियो में भी साथ नजर आए थे। सलमान खान पहले ही यह संकेत दे चुके हैं कि वह संजय दत्त के साथ एक नई देसी लेकिन बेहद पावरफुल एक्शन फिल्म पर भी काम करने वाले हैं।
‘7 डॉग्स’ की बात करें तो इस फिल्म का निर्देशन Adil El Arbi और Bilall Fallah ने किया है। मुख्य भूमिकाओं में मिस्र के सुपरस्टार Karim Abdel Aziz और Ahmed Ezz नजर आएंगे। फिल्म की कहानी मिडिल ईस्ट में फैल रही एक खतरनाक नई ड्रग के खिलाफ जंग पर आधारित है और इसे इंटरनेशनल लेवल के एक्शन और मेकिंग के साथ पेश किया जा रहा है। ‘7 डॉग्स’ इस साल के अंत में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।