बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर Central Board of Secondary Education (CBSE) ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड 13 फरवरी को एक जरूरी लाइव वेबकास्ट आयोजित करेगा, जिसमें परीक्षा से जुड़ी नई व्यवस्था, गाइडलाइंस और मूल्यांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। सभी संबद्ध स्कूलों, शिक्षकों और परीक्षा स्टाफ के लिए इसमें शामिल होना अनिवार्य किया गया है।
इस वेबकास्ट का मकसद परीक्षा प्रणाली को और पारदर्शी तथा व्यवस्थित बनाना है। खास तौर पर ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली, परीक्षा संचालन के नए प्रोटोकॉल और मूल्यांकन प्रक्रिया की बारीकियों पर चर्चा की जाएगी। बोर्ड चाहता है कि सभी स्कूल नई गाइडलाइंस को ठीक से समझें और परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।
कब होंगी बोर्ड परीक्षाएं?
CBSE के अनुसार कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इस बार भारत समेत विदेशों के 26 देशों में स्थित 31 हजार से अधिक स्कूलों के करीब 46 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाएं 8074 से ज्यादा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड का कहना है कि तकनीक के बेहतर उपयोग से परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जा रहा है। डिजिटल मॉनिटरिंग, ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन और सख्त प्रोटोकॉल के जरिए नकल पर रोक लगाने और निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
CBSE ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे इस लाइव वेबकास्ट में सक्रिय रूप से भाग लें और परीक्षा से जुड़े स्टाफ को भी इसमें शामिल करें, ताकि बोर्ड परीक्षा 2026 का संचालन सुचारू और त्रुटिरहित ढंग से हो सके।