OnePlus ने अपने प्रीमियम स्मार्टफोन OnePlus 13s की कीमत में बड़ी कटौती कर दी है। लॉन्च के समय 54,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर आया यह फोन अब आधिकारिक वेबसाइट और Amazon India पर 50,999 रुपये में लिस्ट किया गया है। यानी सीधे 4,000 रुपये की कमी। बैंक ऑफर्स, कैशबैक और नो-कॉस्ट EMI के साथ इसकी प्रभावी कीमत 50,000 रुपये से भी नीचे जा सकती है। फिलहाल कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह कटौती स्थायी है या सीमित समय के लिए।
परफॉर्मेंस के मोर्चे पर यह डिवाइस फ्लैगशिप सेगमेंट में मजबूत दावेदार है। इसमें क्वालकॉम का लेटेस्ट Snapdragon 8 Elite चिपसेट दिया गया है, जो हैवी गेमिंग और मल्टीटास्किंग को सहज बनाता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन OxygenOS 15 (Android 15 आधारित) के साथ लॉन्च हुआ था और अब Android 16 आधारित OxygenOS 16 में अपग्रेड उपलब्ध है। एआई सर्च, एआई कॉल असिस्टेंट और एआई प्लस माइंड जैसे फीचर्स इसे स्मार्ट अनुभव देते हैं।
कॉम्पैक्ट डिजाइन के बावजूद बैटरी इसकी बड़ी ताकत है। 5,850mAh की बैटरी मध्यम से भारी उपयोग में भी आराम से पूरा दिन निकाल देती है। एक-हाथ से इस्तेमाल पसंद करने वाले यूजर्स के लिए इसका पोर्टेबल फॉर्म फैक्टर खास आकर्षण है।
खरीदने का सवाल हो तो 50,999 रुपये की कीमत पर OnePlus 13s मजबूत वैल्यू-फॉर-मनी विकल्प बनता है। हाल में लॉन्च हुए OnePlus 15R (47,999 रुपये) की तुलना में इसमें ज्यादा पावरफुल चिपसेट और टेलीफोटो लेंस मिलता है। हालांकि अल्ट्रा-वाइड लेंस की कमी कुछ यूजर्स को खल सकती है। अगर आपकी प्राथमिकता हाई परफॉर्मेंस, क्लीन सॉफ्टवेयर और कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप अनुभव है, तो मौजूदा कीमत पर यह एक आकर्षक डील साबित हो सकती है।