छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तिफरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल-पेंट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। अनव इंडस्ट्रीज नामक इस इकाई में पेंट, टाइल्स और पुट्टी का निर्माण होता है, जिसमें ज्वलनशील केमिकल की बड़ी मात्रा उपयोग होती है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के आसपास आग भड़कने की सूचना मिली। केमिकल के कारण लपटें तेजी से फैलीं और कुछ ही देर में गोदाम का हिस्सा आग की चपेट में आ गया।
घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया, जिससे आसपास के उद्योगों और दुकानों में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है, हालांकि फैक्ट्री में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी किशोर केंवट के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में बिजली से संबंधित काम चल रहा था, उसी दौरान चिंगारी से आग भड़कने की संभावना है। विस्तृत जांच आग पूरी तरह बुझने के बाद की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री में फायर सेफ्टी इंतजामों की कमी पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आग से निपटने के पर्याप्त साधन मौजूद नहीं थे और ज्वलनशील सामग्री के भंडारण को लेकर भी लापरवाही बरती गई।
गौरतलब है कि यही इलाका दो महीने पहले भी सुर्खियों में था, जब सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र की मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी। उस हादसे में सुपरवाइजर ऋषभ शुक्ला और मजदूर आयुष सूर्यवंशी की जान चली गई थी।
ताजा घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग को पूरी तरह नियंत्रित करने की कोशिश जारी है।
देखे आग की तस्वीरें…


