छत्तीसगढ़ के बतौली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 12वीं बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो छात्र तेज रफ्तार बाइक पर अनियंत्रित होकर गिर पड़े। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बतौली बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में फिजिक्स का पहला पेपर देने जा रहे स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्र अनिकेश तिवारी और मिशाक एक्का बिना नंबर की केटीएम बाइक से तेज गति में परीक्षा केंद्र की ओर बढ़ रहे थे। सुबह करीब 9 बजे से परीक्षा शुरू होनी थी और दोनों समय पर पहुंचने की जल्दबाजी में थे।
जब वे ग्राम कुनकुरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर पहुंचे, तभी सड़क किनारे मकान निर्माण के लिए रखी गई गिट्टी से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर उछल गई। बताया जा रहा है कि बाइक करीब 20 मीटर दूर तक घिसटते हुए यात्री प्रतीक्षालय से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में मिशाक एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल छात्र को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स्कूल परिसर में भी शोक की लहर दौड़ गई है, क्योंकि जिस दिन फिजिक्स का पहला पेपर था, उसी दिन एक होनहार छात्र ने जिंदगी की परीक्षा हार दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किनारे लंबे समय से निर्माण सामग्री बेतरतीब तरीके से पड़ी रहती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। इसके बावजूद न तो सामग्री हटाने की ठोस व्यवस्था होती है और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए जाते हैं। ऐसे हालात में राहगीरों और खासकर युवाओं की जान जोखिम में पड़ती रहती है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क किनारे अव्यवस्थित निर्माण सामग्री के खतरों को उजागर करता है। परीक्षा की जल्दबाजी में उठाया गया एक जोखिम भरा कदम दो परिवारों की जिंदगी बदल गया।