आरंग में सड़क हादसा : तेज रफ्तार टाटा विस्टा डिवाइडर से टकराई, तीन युवकों की मौके पर मौत, एक गंभीर

Spread the love

आरंग – छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। महासमुंद से आरंग की ओर आ रही सफेद रंग की टाटा विस्टा कार (क्रमांक CG04HD2156) अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के पोल से जा टकराई। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में दो सगे भाई हर्ष कुमार देवांगन (21 वर्ष) और राहुल देवांगन (20 वर्ष), पिता जमुना प्रसाद देवांगन, निवासी सरागांव, थाना छुरा शामिल हैं। दोनों हाल ही में आरंग के परमेस्वरी फोटो स्टूडियो में काम कर रहे थे। तीसरा मृतक थानू सतनामी (22 वर्ष), पिता साकिन, निवासी ग्राम ओडका, थाना आरंग है।

आरंग के पास नदी मोड़ पर हुआ हादसा 
घायल मिथलेश धीवर (23 वर्ष), पिता संत राम धीवर, निवासी ब्लॉक कॉलोनी, आरंग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हादसा आरंग के पास नदी मोड़ पर हुआ। कार की तेज रफ्तार और ड्राइवर के नियंत्रण खोने को मुख्य कारण माना जा रहा है। कार रेलिंग तोड़ते हुए डिवाइडर से टकराई, जिससे हादसा इतना भीषण हो गया कि, तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
आरंग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिए गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत ने परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा की लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है। स्थानीय लोग और परिजन प्रशासन से बेहतर सड़क सुरक्षा और स्पीड कंट्रोल की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *