करेला सेहत के लिए जितना फायदेमंद है, उतना ही उसका कड़वा स्वाद कई लोगों को पसंद नहीं आता। खासकर बच्चे तो इसका नाम सुनते ही मुंह बना लेते हैं। लेकिन अगर सही तरीके अपनाए जाएं, तो यही करेला स्वाद में भी कमाल कर सकता है।
अक्सर लोग सोचते हैं कि करेले की कड़वाहट को पूरी तरह हटाना मुश्किल है, लेकिन कुछ आसान किचन टिप्स अपनाकर इसका स्वाद काफी हद तक संतुलित किया जा सकता है। आइए जानते हैं ऐसे ही कारगर उपाय, जिनसे करेला बनेगा स्वादिष्ट और सब्जी की सब तारीफ करेंगे।
इन तरीकों से दूर होगा कड़वापन
नमक से करें कड़वाहट कम
करेले को पतले टुकड़ों में काटकर उस पर अच्छी मात्रा में नमक लगाएं और 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें। नमक करेले का कड़वा रस बाहर निकालने में मदद करता है। इसके बाद इसे पानी से अच्छी तरह धो लें और हल्का निचोड़ लें। इससे काफी हद तक कड़वापन कम हो जाता है।
हल्दी और दही का इस्तेमाल
करेले के टुकड़ों को हल्दी और थोड़ा सा दही लगाकर 15-20 मिनट के लिए रख दें। यह तरीका स्वाद को संतुलित करता है और कड़वाहट कम करने में मदद करता है। बाद में साफ पानी से धोकर सब्जी बनाएं।
उबालने की ट्रिक
करेले को काटकर नमक वाले पानी में 5-7 मिनट तक उबाल लें। चाहें तो इसमें थोड़ा सा इमली का पानी या सिरका भी मिला सकते हैं। उबालने के बाद पानी फेंक दें। इससे करेला नरम भी होगा और कड़वाहट भी कम हो जाएगी।
गुड़ या चीनी का संतुलन
सब्जी बनाते समय थोड़ा सा गुड़ या चीनी डालने से स्वाद संतुलित हो जाता है। इससे कड़वाहट पूरी तरह खत्म नहीं होती, लेकिन स्वाद बेहतर हो जाता है और सब्जी ज्यादा टेस्टी लगती है।
मसालों का सही उपयोग
प्याज, सौंफ, धनिया पाउडर, अमचूर और गरम मसाले का सही संतुलन करेले की सब्जी का स्वाद बढ़ा देता है। ज्यादा मसालेदार तड़का देने से भी कड़वाहट का असर कम महसूस होता है।
बीज निकालना न भूलें
करेले के बड़े और सख्त बीज अक्सर ज्यादा कड़वे होते हैं। सब्जी बनाने से पहले इन्हें निकाल दें। इससे स्वाद काफी हल्का हो जाता है।