प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड में देशवासियों को तीन अहम मंत्र दिए। टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ने का संकल्प, ऑर्गन डोनेशन के प्रति जागरूकता और साइबर अपराध से सतर्क रहने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने देशवासियों को होली और रमजान की शुभकामनाएं भी दीं।
AI समिट में भारत की ताकत
पीएम मोदी ने बताया कि दिल्ली में आयोजित Global AI Impact Summit में दुनिया भर के नेता, उद्योग जगत के दिग्गज और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट शामिल हुए। उन्होंने कहा कि AI की मदद से भारत अपने प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों को संरक्षित कर रहा है। उदाहरण के तौर पर Sushruta Samhita को डिजिटल टेक्स्ट में बदलकर विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध कराया जा रहा है।पीएम ने कहा कि युवाओं में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को लेकर उत्साह बढ़ रहा है और AI के क्षेत्र में भारत की क्षमता दुनिया के सामने आई है।
त्योहारों की शुभकामनाएं
उन्होंने कहा कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और होली का त्योहार भी आने वाला है। सभी देशवासियों से अपील की कि ये त्योहार परिवार के साथ खुशी और सौहार्द के साथ मनाएं।
टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय मूल के खिलाड़ी
पीएम मोदी ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में कई देशों की टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ी शामिल हैं। कनाडा टीम के कप्तान का जन्म गुरदासपुर में हुआ था। वहीं अमेरिका टीम के कप्तान मोनांक पटेल गुजरात अंडर-16 और अंडर-18 के लिए खेल चुके हैं। ओमान, इटली और यूएई की टीमों में भी भारतीय मूल के खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
ऑर्गन डोनेशन पर भावुक अपील
पीएम ने केरल की 10 महीने की बच्ची आलीन का जिक्र किया, जिसके माता-पिता ने दुख की घड़ी में अंगदान का निर्णय लिया। उन्होंने दिल्ली की लक्ष्मी देवी और राजस्थान के सीकर के रामदेव के उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे हार्ट और किडनी ट्रांसप्लांट से नई जिंदगी मिली। उन्होंने देशवासियों से ऑर्गन डोनेशन के लिए आगे आने की अपील की।
साइबर क्राइम से सावधान
प्रधानमंत्री ने डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बैंक KYC या री-KYC के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल और मैसेज से सतर्क रहें। किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बैंक डिटेल्स साझा न करें।
राजाजी उत्सव का जिक्र
पीएम मोदी ने बताया कि 23 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में C. Rajagopalachari की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इसे ‘राजाजी उत्सव’ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश अब गुलामी के प्रतीकों को पीछे छोड़ रहा है और नई प्रेरणाओं को अपना रहा है।
किसानों, छात्रों और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर संदेश
उन्होंने कहा कि देश के किसान परंपरा और टेक्नोलॉजी को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। ओडिशा और केरल के किसानों के नवाचार का जिक्र करते हुए बताया कि भारत आज 15 करोड़ टन चावल का उत्पादन कर रहा है और कृषि उत्पाद विदेशों तक पहुंच रहे हैं। परीक्षा दे रहे छात्रों से उन्होंने कहा कि आपका मूल्य आपकी मार्कशीट से तय नहीं होता। आत्मविश्वास बनाए रखें। अंत में पीएम ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दोहराते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की।