रायपुर में NEET कैंडिडेट ने GI तार से फांसी लगाई:गले में लपेटकर छत से कूदा, बहन से कहा था- पढ़ाई में दिक्कत हो रही

Spread the love

रायपुर के भांठागांव स्थित अवधपुरी कॉलोनी में रविवार को नीट अभ्यर्थी ने जीआई तार से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के निवासी पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। वह 2 साल से रायपुर में किराए के मकान में रह रहा था और मेडिकल प्रवेश के लिए नीट की तैयारी कर रहा था।

मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। शुरूआती जांच में यह बात सामने आई है कि, परीक्षा पास नहीं कर पाने के कारण वह मानसिक दबाव में था, इसलिए उसने जान दे दी। 22 फरवरी की सुबह मकान की दूसरी मंजिल में लटकती लाश मिली। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

बहन से कहा था- पढ़ाई में दिक्कत आ रही

पुरानी बस्ती थाने के सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर ने बताया कि, पुष्पेंद्र पटेल ने एक दिन पहले 21 फरवरी की रात खाना खाते समय अपनी बहन को बताया था कि, पढ़ाई में उसे दिक्कत आ रही है। मुझे याद नहीं हो रहा है। वह पढ़ाई के लिए जाग रहा था, बहन सोने चली गई थी।

पिता पेशे से किसान, सारंगढ़ में रहता है परिवार

जानकारी के मुताबिक, पुष्पेंद्र का परिवार पहले रायगढ़ में रहता था। पिता करुणा सागर पटेल पेशे से किसान है। अभी सारंगगढ़ के बरसकोल मालदा में रह रहे हैं। बेटे की सुसाइड की जानकारी मिलते ही परिजन रायपुर पहुंचे।

जीआई तार से बांधकर लगाई छलांग

जानकारी के अनुसार, छात्र ने मकान की दूसरी मंजिल से गले में जीआई तार (लोहे का तार) बांधकर छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके से कुछ सामान जब्त किया गया और कमरे की तलाशी ली गई। मोबाइल भी टूटा मिला है।

लोगों से पूछताछ जारी

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, सुसाइड की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि छात्र पिछले कुछ समय से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को लेकर मानसिक दबाव में था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *