रायपुर में मीटर लगाने के नाम पर 1.56 लाख ठगे:प्रोसेसिंग फीस के नाम पर जमा करवाए पैसे, मोबाइल ऐप भी डाउनलोड कराया

Spread the love

रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में बिजली मीटर लगाने के प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर ठगी की गई। आरोपियों ने आवेदनकर्ता से 1,56,200 रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद फोन बंद कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित का नाम रोशन देवरात्रे है।

ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम

शिकायतकर्ता रोशन देवरात्रे ने पुलिस को बताया कि उसने बिजली मीटर लगवाने के लिए विद्युत कार्यालय में आवेदन किया था। कुछ दिनों बाद उसके मोबाइल नंबर पर 7643020953 से कॉल आया।

कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि रोशन के नाम से मीटर लगाने का आवेदन मिला है। इसके बाद आरोपी ने प्रोसेसिंग शुल्क जमा करने के लिए एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने को कहा।

आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने ऐप डाउनलोड किया और बताए गए तरीके से 1,56,200 रुपए ट्रांसफर कर दिए।

फॉलोअप के दौरान खुला राज

मीटर लगाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेने के लिए जब पीड़ित ने आरोपी के नंबर पर दोबारा संपर्क किया, तो फोन बंद मिला।

इसके बाद रोशन देवरात्रे ने बिजली कार्यालय पहुंचकर जानकारी ली, जहां पता चला कि उसके नाम से कोई राशि जमा नहीं हुई है। ठगी का एहसास होने पर उसने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच

मुजगहन थाना प्रभारी निरीक्षक सिद्वेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *