एमसीबी जिले में बड़ा सड़क हादसा : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत

Spread the love

मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले के केल्हारी-जनकपुर मार्ग पर मंगलवार को हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अवधेश आत्मज गुरुवचन उम्र 28 वर्ष और मोनू उर्फ अखिलेश आ. गुरूवचन दोनों सगे भाई निवासी रामानुजनगर तथा तीसरा मृतक श्याम सिंह गौंड आ. गोविंद सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम घाघरा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार तीनों युवक 24 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे ग्राम घाघरा से एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी कार्य से निकले थे। बाद में धनहर के पास तिलोखन जंगल क्षेत्र में सड़क किनारे तीनों के शव पड़े होने की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच के अनुसार किसी अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

अज्ञात वाहन की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही केल्हारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मनीष धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए। पुलिस द्वारा दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है तथा संभावित मार्गों पर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से मनेन्द्रगढ़ सहित रामानुजनगर और घाघरा क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *