सीबीएसई का नया कारनामा : दो घंटे देर से शुरू हुई 12वीं की परीक्षा, छात्र कमरे में रखे गए बंद

Spread the love

रायपुर – केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित बारहवीं की परीक्षा में मंगलवार को बड़ी चूक हो गई। मंगलवार को बारहवीं कक्षा का अकाउंट का पर्चा था। अन्य विद्यालयों के साथ डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां दो निजी स्कूलों के लगभग 100 से अधिक छात्र परीक्षा दिलाने पहुंचे थे। परीक्षा का समय 10.30 से 1.30 निर्धारित था। छात्र निर्देशानुसार परीक्षा प्रारंभ होने के आधा घंटे पहले पहुंच गए। छात्रों को 10 बजे कक्ष में प्रवेश देकर अन्य औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गईं, लेकिन 10.30 बजे छात्रों को प्रश्नपत्र बांटे नहीं जा सके।

छात्रों से कभी कहा गया कि 10 मिनट में प्रश्नपत्र पहुंच जाएगा तो कभी कहा गया कि 15 मिनट में प्रश्नपत्र उन्हें मिल जाएगा। इस तरह छात्रों को लगभग 2 घंटे इंतजार के बाद करीब 12 बजे प्रश्नपत्र बांटे गए। परीक्षाएं 3 बजे तक चली। इस दौरान छात्रों को कमरे में ही बंद रखा गया। परीक्षा दिलाने पहुंचे विद्यार्थियों की संख्या करीब 100 थी। छात्रों को लेने 1.30 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचे पालक 1.30 घंटे तक इंतजार करते रहे। पूरे प्रकरण पर शाला प्रबंधन ने परीक्षा का संचालन सीबीएसई द्वारा होने तथा विद्यालय की कोई भूमिका नहीं होने की बात कही। वहीं सीबीएसई के रायपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा इस संदर्भ में ना तो कोई जवाब दिया गया और ना ही वस्तुस्थिति स्पष्ट की गई। 

पहली बार गड़बड़ी
निजी स्कूल संघ के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बताया कि, छग में सीबीएसई परीक्षाओं में पहली बार इतनी गड़बड़ी सामने आ रही है। इस सत्र में ही रायपुर में सीबीएसई का क्षेत्रीय कार्यालय खोला गया है। यह प्रतिष्ठा के लिए घातक है।

10वीं में फोटोकॉपी करके बांटे गए प्रश्नपत्र
अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, पर्याप्त संख्या में प्रश्नपत्र विद्यालय नहीं पहुंच सका था। इसके कारण अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हुई। सीबीएसई की परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों ने छात्रों संग शिक्षाविदों को भी हैरान कर दिया है। इसके पूर्व 17 फरवरी को दसवीं कक्षा के पहले विषय की परीक्षा में ही बड़ी गड़बड़ी सामने आई थी। 

दंतेवाड़ा के बालूद जिले के स्वामी आत्मानंद विद्यालय में छात्रों की निर्धारित संख्या से 56 प्रश्नपत्र कम पहुंचे थे। प्रश्नपत्र की फोटोकॉपी करने के बाद यहां छात्रों को प्रश्नपत्र बांटे गए। यहां परीक्षाएं 12.45 से प्रारंभ होकर 3.45 बजे तक चली। इस केंद्र में बेसिक के 165 तथा स्टैंडर्ड के 20 छात्रों के लिए केंद्र बनाए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *