गरमागरम रोटी हो या जीरा राइस, अगर साथ में मटर पनीर की खुशबूदार सब्जी मिल जाए तो खाना अपने आप खास बन जाता है। हल्की मसालेदार ग्रेवी, मुलायम पनीर के टुकड़े और मीठे-मीठे मटर का कॉम्बिनेशन ऐसा स्वाद देता है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। अक्सर लोग सोचते हैं कि रेस्टोरेंट जैसा मटर पनीर घर पर बनाना मुश्किल होगा, लेकिन सही मसालों और आसान स्टेप्स के साथ आप इसे बेहद आसानी से तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि यह डिश रोज़मर्रा के खाने से लेकर मेहमानों की दावत तक हर मौके पर फिट बैठती है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
मटर पनीर की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
- 200 ग्राम पनीर (क्यूब्स में कटा हुआ)
- 1 कप हरे मटर (ताजे या फ्रोजन)
- 2 मध्यम आकार के प्याज (बारीक कटे)
- 2 टमाटर (पीसकर प्यूरी)
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 2 बड़े चम्मच तेल या घी
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 2 बड़े चम्मच क्रीम (वैकल्पिक)
- स्वादानुसार नमक
- हरा धनिया (गार्निश के लिए)
मटर पनीर की सब्जी बनाने का तरीका
मटर पनीर की सब्जी बनाना बेहद आसान है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में तेल या घी गरम करें। इसमें बारीक कटे प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन पेस्ट डालें और कच्ची खुशबू जाने तक पकाएं।
इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालकर मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक मसाला तेल न छोड़ने लगे। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर मिलाएं और अच्छे से चलाएं। जब मसाला अच्छी तरह भुन जाए, तब इसमें हरे मटर डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं।
अब एक कप पानी डालकर ढक दें और मटर को नरम होने तक पकने दें। इसके बाद पनीर के टुकड़े डालें और हल्के हाथ से मिलाएं ताकि पनीर टूटे नहीं। 5-7 मिनट धीमी आंच पर पकाएं।
आखिर में गरम मसाला और क्रीम डालकर एक मिनट तक पकाएं। अगर आप हल्की ग्रेवी चाहते हैं, तो थोड़ा और गर्म पानी मिला सकते हैं। गैस बंद करने के बाद हरा धनिया छिड़क दें। आपकी स्वादिष्ट मटर पनीर तैयार है। मटर पनीर को गरमागरम रोटी, नान, पराठा या चावल के साथ परोसें।