भिलाई स्टील प्लांट में बाइक चोरी का मास्टरमाइंड निकला इंजीनियर:मास्टर चाबी से 31 बाइक पार की, रायपुर से आकर वारदात, जशपुर में बेचीं

Spread the love

छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की पार्किंग से बाइकों की सिलसिलेवार चोरी का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह का सरगना मैकेनिकल इंजीनियर निकला, जो पहले BSP में संविदा पर काम करता था। बाद में उसी प्लांट की पार्किंग को अपना टारगेट बना बैठा।

आरोपी रायपुर से बस में बैठकर भिलाई आता, पावर हाउस चौक पर उतरकर पैदल BSP मेन गेट पार्किंग पहुंचता, फिर मास्टर चाबी से खासकर होंडा साइन मॉडल की बाइक पार कर देता था। जून 2024 से सक्रिय इस गिरोह ने एक साल में 31 बाइक चुराईं। जिन्हें जशपुर के कुनकुरी में बेचा जाता था।

7 नवंबर 2025 की एक वारदात ने पुलिस को अहम सुराग दिया। CCTV फुटेज में आरोपी लंगड़ाते हुए बाइक चोरी करते दिखा। पैर में लोहे की रॉड होने के कारण उसकी चाल अलग थी। यही पहचान आखिरकार गिरफ्तारी की वजह बनी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने ट्रैकिंग शुरू की और सरगना तक पहुंच गई।

पुलिस ने जशपुर से बाइक जब्त कर 2 सहयोगियों को दबोचा है। इस तरह पुलिस ने मुख्य आरोपी ई. पापा राव, मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि को गिरफ्तार किया है। 31 लाख रुपए कीमत की 31 बाइक भी बरामद हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *