हॉफ मर्डर केस में हिस्ट्रीशीटर समेत 13 को सजा:मैडी बोला-हंस के काटेंगे 4 महीना;3 साल पहले मैडी-वसीम खान गैंग के बीच हुआ था गैंगवार

Spread the love

बिलासपुर में गैंगवार के मामले में कोर्ट ने हिस्ट्रीशीटर मैडी उर्फ रितेश निखारे समेत 13 दोषियों को हॉफ मर्डर केस में 7-7 साल की सजा सुनाई है। 3 साल पहले मैडी गैंग और वसीम खान गैंग के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। इस हमले में भास्कर वर्मा गंभीर रूप से घायल हुआ था। जेल ले जाते समय मैडी अपने साथियों से कहते सुना गया, “हंस के काटेंगे चार महीना, बिल्कुल लोड न लेना।”

7 मई 2023 की देर रात हुआ था हमला

घटना 7 मई 2023 की देर रात तारबाहर थाना क्षेत्र के टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित हेवंस पार्क के पास हुई थी। भास्कर वर्मा अपने दोस्त नवीन के साथ बाइक पर सवार था।

हेवंस पार्क गली के सामने दोनों खड़े थे। उसी दौरान दो कार और तीन बाइक में सवार 10-15 लोग अचानक पहुंचे। हमलावरों ने भास्कर को घेर लिया और हमला शुरू कर दिया।

गली घेरकर किया हमला, खास हथियार का इस्तेमाल

हमलावरों ने गली को दोनों ओर से बंद कर दिया और भास्कर वर्मा को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। मेडी ग्रुप के सदस्य हथियार लेकर आए थे। लोहे की रॉड पर बाइक की चेन रिंग काटकर तैयार किया गया नुकीला हथियार फरसे जैसा दिखता था।

उसी हथियार से कई वार किए गए, जिससे भास्कर गंभीर रूप से घायल हो गया।

एट्रोसिटी स्पेशल कोर्ट में चला ट्रायल

इस मामले में पुलिस ने मैडी उर्फ रितेश निखारे, सिद्धार्थ शर्मा उर्फ छोटू, आदित्य प्रकाश दुबे, प्रिंस शर्मा, काव्य गढ़वाल, एम. वरुण, रूपेश दुबे, आयुष मराठा उर्फ बाबू, फरीद अहमद उर्फ सोनू खान, सोनू उर्फ आशीष माली, मोहम्मद साबिर उर्फ रानू, विकास वैष्णव उर्फ बाबा राजू, विराज सिंह ध्रुव उर्फ गोलू विदेशी को आरोपी बनाया।

सभी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। आरोप पत्र पेश होने के बाद एट्रोसिटी स्पेशल कोर्ट में सुनवाई शुरू हुई। स्पेशल कोर्ट के न्यायाधीश लवकेश प्रताप बघेल ने सभी आरोपियों को दोषी मानते हुए शनिवार को 7-7 साल की सजा सुनाई।

फैसले से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा

इस मामले की सुनवाई के दौरान शनिवार को फैसला होना था। इस दौरान एट्रोसिटी स्पेशल कोर्ट के जज लवकेश प्रताप बघेल ने पहले से ही पुलिस बल बुला लिया था। वहीं अंतिम फैसले के वक्त मैडी से जुड़े लोगों की भीड़ भी कोर्ट पहुंच गई थी।

इसके चलते कोर्ट परिसर में गहमा गहमी का माहौल था। बड़ी संख्या में युवकों की भीड़ भी जमा हो गई थी।

जेल परिसर तक पहुंची भीड़

सजा सुनाए जाने के बाद कोर्ट परिसर में सन्नाटा छा गया। पुलिस ने सभी दोषियों को हिरासत में लिया। मैडी को जेल ले जाते समय समर्थक पीछे-पीछे चलने लगे। भीड़ जेल परिसर तक पहुंच गई। भारी भीड़ के बीच मैडी को अंदर ले जाया गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भीड़ को खदेड़ना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *