Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र में ईपीएफओ का ‘निधि आपके निकट’ जिला आउटरीच कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) द्वारा देश के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर पुनर्संरचित ‘निधि आपके निकट (एनएएन)’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिला आउटरीच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में दुर्ग जिले हेतु माह फरवरी 2026 का ‘निधि आपके निकट’ शिविर दिनांक 27 फरवरी 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन-एल एंड डी सेंटर में आयोजित किया गया। 

यह जिला आउटरीच कार्यक्रम सदस्यों, पेंशनभोगियों एवं नियोक्ताओं को एक ही मंच पर त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। शिविर के माध्यम से उपस्थित हितग्राहियों की शिकायतों का स्थल पर ही निराकरण किया गया तथा उन्हें ईपीएफओ की विभिन्न योजनाओं, ऑनलाइन सेवाओं, यूएएन सक्रियण, केवाईसी अद्यतन, पेंशन प्रावधानों एवं ऑनलाइन क्लेम से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

‘निधि आपके निकट’ सत्र के संचालन हेतु उपस्थित ईपीएफओ के अधिकारी श्री प्रियरंजन सिन्हा एवं श्री दौलत राम साहू ने शिविर में उपस्थित सदस्यों एवं पेंशनरों की समस्याओं का स्थल पर ही समाधान किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

शिविर में उपस्थित प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिला स्तर पर ऐसे शिविरों का आयोजन हितग्राहियों को त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ अनावश्यक कार्यालयीन औपचारिकताओं से भी राहत प्रदान करता है।

यह पुनर्गठित जिला आउटरीच कार्यक्रम सामाजिक सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करते हुए सेवाओं की पहुंच अंतिम लाभार्थी तक सुनिश्चित करने का एक सार्थक प्रयास है, जिससे श्रमिक वर्ग एवं पेंशनधारकों को त्वरित एवं सुविधाजनक प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *