बॉलीवुड के दिग्गज लेखक सलीम खान की तबीयत पिछले कुछ दिनों से नाजुक बनी हुई है और वे मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। 90 वर्षीय सलीम खान को मामूली ब्रेन हेमरेज के बाद डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस संवेदनशील समय में सलमान खान अपने पिता के पास अधिक समय बिताना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग लोकेशन बदलने का फैसला लिया है। पहले फिल्म का शेड्यूल फिल्म सिटी में चल रहा था, लेकिन अब इसे मेहबूब स्टूडियो शिफ्ट कर दिया गया है, जो अस्पताल के अपेक्षाकृत नजदीक है।
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म के एक गाने का सीक्वेंस इन दिनों शूट किया जा रहा है। लोकेशन बदलने से शूटिंग बिना रुके जारी रह सकेगी और सलमान जरूरत पड़ने पर तुरंत अस्पताल पहुंच सकेंगे। यूनिट के एक करीबी ने बताया कि अभिनेता नहीं चाहते थे कि बड़े पैमाने पर चल रही शूटिंग प्रभावित हो, लेकिन पिता के साथ रहना भी उनके लिए प्राथमिकता है। मेहबूब स्टूडियो में शिफ्ट होने से दोनों जिम्मेदारियां संतुलित करना आसान हो गया है।
परिवार के करीबियों के अनुसार, सलमान शूटिंग और अस्पताल के बीच लगातार तालमेल बनाए हुए हैं। ब्रेक के दौरान वे डॉक्टरों और परिजनों से संपर्क में रहते हैं। डॉक्टरों की देखरेख में सलीम खान की सेहत में धीरे-धीरे सुधार बताया जा रहा है।
फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। यह फिल्म जून 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुए संघर्ष पर आधारित है। सलमान खान इसमें परमवीर चक्र विजेता कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म की रिलीज फिलहाल 17 अप्रैल तय है, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में इसकी रिलीज आगे खिसकने की संभावना भी जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है तो बॉक्स ऑफिस पर बड़े मुकाबले की स्थिति बन सकती है।