यूएई के तनावपूर्ण हालात में फंसा एमी विर्क का परिवार, बेटी के इमोशनल मैसेज ने तोड़ा दिल

Spread the love

पंजाबी सिंगर और अभिनेता Ammy Virk इन दिनों गहरी चिंता में हैं। संयुक्त अरब अमीरात में बढ़ते तनावपूर्ण हालातों के बीच उनका परिवार वहीं मौजूद है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक भावुक संदेश में उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और छह साल की बेटी यूएई में हैं और मौजूदा हालातों ने एक पिता और पति के रूप में उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है।

एमी विर्क, जिनका असली नाम अमरीक सिंह है, ने 2 मार्च को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल नोट पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि यूएई से आ रही खबरें उन्हें लगातार बेचैन कर रही हैं। एक पिता के तौर पर सबसे ज्यादा उन्हें अपनी छोटी बेटी की चिंता सता रही है। उन्होंने अपनी पोस्ट में बेटी का एक मासूम लेकिन दिल दहला देने वाला मैसेज भी साझा किया।

बेटी ने कहा, “पापा, अगर कुछ हुआ तो मैं अपने बिस्तर के नीचे छिप जाऊंगी। मैं एक मजबूत लड़की हूं पापा, आप चिंता मत करो।” एमी विर्क ने स्वीकार किया कि यह वह बात नहीं है जिसे कोई भी पिता सुनना चाहेगा। इस एक वाक्य ने उनकी भावनाओं को गहराई से छू लिया और उनकी चिंता को और बढ़ा दिया।

उन्होंने आगे लिखा कि हर नई खबर उनके लिए सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय अपडेट नहीं, बल्कि व्यक्तिगत चिंता का कारण है। उनका मानना है कि सिर्फ उनका परिवार ही नहीं, बल्कि यूएई में रह रहे कई और परिवार भी इसी तरह की आशंका और डर के दौर से गुजर रहे होंगे।

हालांकि एमी विर्क ने संयुक्त अरब अमीरात के प्रशासन और सरकार के प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि वहां की अथॉरिटीज लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने सभी के लिए शांति, स्थिरता और सुरक्षित माहौल की दुआ की।

एमी विर्क का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस और सेलेब्रिटीज उनके परिवार की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और इस कठिन समय में उनका हौसला बढ़ा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *