सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन कार्यालय, मिल्स जोन–1 द्वारा दिनांक 28 फरवरी 2026 को एमडब्ल्यूआरएम विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की पत्नियों के लिए “आप भी जानिए” कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन-एल एंड डी विभाग के सभागार में किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एमडब्ल्यूआरएम) श्री एम के गोयल, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे. एन. ठाकुर, महाप्रबंधक (मानव संसाधन-संकार्य) श्री संजय द्विवेदी तथा उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–मिल्स एवं एम एंड एस) श्री प्रताप शेखर नायक सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के परिवारों को संयंत्र की कार्यप्रणाली, सुरक्षा मानकों तथा उत्पादन प्रक्रिया से अवगत कराना तथा सुरक्षित एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है। मानव संसाधन विभाग, कार्मिकों के परिवारजनों से अपनत्व एवं पारिवारिक रिश्ते को मजबूती प्रदान करने तथा उन्हें संयंत्र के उत्पादन गतिविधियों से परिचित कराने हेतु समय-समय पर “आप भी जानिए” कार्यक्रम का आयोजन करता है। इस कार्यक्रम में एमडब्ल्यूआरएम विभाग के 22 कार्मिकों की पत्नियाँ शामिल हुई।
भ्रमण प्रारंभ होने से पूर्व प्रतिभागियों को संयंत्र भ्रमण सम्बंधित आवश्यक सुरक्षा निर्देशों एवं सावधानियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सहभागियों को ब्लास्ट फर्नेस–8, एस.एम.एस.–3, यूआरएम, मर्चेंट मिल तथा डब्ल्यूआरएम विभाग का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें आधुनिक उत्पादन तकनीकों, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली तथा कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (मानव संसाधन–मिल्स जोन–1) सुश्री समायला अंसारी द्वारा किया गया। मानव संसाधन कार्यालय, मिल्स जोन–1 द्वारा सहभागियों से फीडबैक भी प्राप्त किया गया। सहभागियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि संयंत्र भ्रमण के इस अवसर ने उन्हें अपने जीवनसाथी के कार्यस्थल, चुनौतियों एवं योगदान को निकट से समझने का अवसर प्रदान किया।