Meta Pixel

शहर के बड़े निजी स्पर्श हॉस्पिटल के डॉक्टरों के बीच हुई मारपीट; FIR दर्ज़..!

Spread the love

छत्तीसगढ़ के भिलाई में संचालित स्पर्श मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टरों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह विवाद वहीं के एक डॉक्टर द्वारा मरीजों को अपने यहां दुर्ग में संचालित हॉस्पिटल में बुलाने को लेकर हुआ। बाद में दोनों पक्ष के डॉक्टर सुपेला थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज कर लिया है।

मीडिया ने स्पर्श हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ दीपक वर्मा से बात की, तो उन्होंने बताया कि डॉ दीपक कोठारी उनके हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं। पिछले कई सालों से शिकायत आ रही थी कि डॉ कोठारी अस्पताल में मरीज का ऑपरेशन करने के लिए आते हैं। उसके बाद उसका फॉलोअप सही से नहीं लेते और मरीज को अपने दुर्ग स्थित अस्पताल में इलाज के लिए बुलाते हैं।

इस बात की शिकायत वहां के मार्केटिंग स्टाफ सहित डॉक्टरों ने भी बोर्ड की मीटिंग में की। इसके बाद अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. सावंत ने उन्हें ऐसा न करने की चेतावनी भी दी। इसके बाद भी डॉ दीपक कोठारी नहीं माने। शुक्रवार 12 जनवरी 2024 को भी उन्होंने ऐसा ही किया।

डॉ दीपक कोठारी ने एक मरीज का ऑपरेशन किया, लेकिन ब्लीडिंग की शिकायत होने के बावजूद उसका सही से इलाज नहीं किया, बल्कि मरीज को अपने अस्पताल बुलाया।

डॉ. दीपक कोठारी ने सबसे पहले सुपेला थाने में दर्ज कराई FIR।
डॉ. दीपक कोठारी ने सबसे पहले सुपेला थाने में दर्ज कराई FIR

जब इस बात की जानकारी डॉ दीपक वर्मा को हुई, तो उन्होंने डॉ संजय गोयल से इस बारे में बात की। दोनों ने डॉ दीपक कोठारी को डॉ वर्मा के चैंबर में आने को कहा। वहां डॉ दीपक वर्मा ने डॉ दीपक कोठारी को समझाया कि वो यहां के मरीजों को अपने यहां आने के लिए बाध्य न करें। इससे अस्पताल का नुकसान हो रहा है और स्टाफ की सैलरी तक निकालने में परेशानी हो रही है।

यह सुनते ही डॉ दीपक कोठारी भड़क गए। उन्होंने डॉ. वर्मा को देख लेने की धमकी देते हुए गालीगलौज शुरू कर दी। डॉ वर्मा ने इसका विरोध किया, तो दोनों के बीच मारपीट हो गई। इतने में वहां डॉ संजय गोयल पहुंचे और स्टाफ को बुलाकर दोनों को अलग किया। उसके बाद डॉ कोठारी ने शाम को डॉ दीपक वर्मा और डॉ संजय गोयल के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करा दिया।

डॉ. कोठारी ने चेहरे की चोट दिखाते हुए फोटो वायरल की।
डॉ. कोठारी ने चेहरे की चोट दिखाते हुए फोटो वायरल की।

स्पर्श के डॉक्टरों ने भी कराया काउंटर अपराध दर्ज

डॉ. दीपक कोठारी की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने डॉ. संजय गोयल और डॉ. दीपक वर्मा के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद डॉ. संजय और डॉ. वर्मा भी देर रात सुपेला थाने पहुंचे और उन्होंने डॉ. दीपक कोठारी के खिलाफ मारपीट का काउंटर अपराध दर्ज कराया।

मरीज ने बताई सच्चाई

इस दौरान भिलाई का रहने वाले एक मरीज भी वहां पहुंचा। उसने बताया कि उसके पैर का इलाज स्पर्श हॉस्पिटल में चल रहा था। इलाज डॉ दीपक कोठारी कर रहे थे। उन्होंने उसका इलाज अपने यहां कम पैसे में करने के लिए कहा था, लेकिन जब मरीज स्पर्श अस्पताल पहुंचा, तो उन्होंने उसका वही इलाज अधिक पैसों में किया और कहा कि यदि उनके यहां आते, तो वो कम पैसे में इलाज कर देते।

डॉ. कोठारी ने चैंबर में बुलाकर मारपीट करने लगाया आरोप

वहीं डॉ. दीपक कोठारी ने सारे आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने सुपेला पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 जनवरी शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे डॉ संजय गोयल ने उन्हें स्पर्श हॉस्पिटल में मीटिंग के लिए बुलाया था।

वहां डॉ दीपक वर्मा और डॉ गोयल उनसे अपशब्द कहने लगे। इसके बाद दोनों हाथापाई पर उतर आए। डॉ. संजय गोयल ने मारपीट शुरू की। इसके बाद डॉ. दीपक वर्मा ने कुर्सी से उठाकर दौड़ाया। मारपीट में आंखों के नीचे और गले में चोट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *