Meta Pixel

छत्तीसगढ़ आये केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोनिया और खड़के को कहा ‘हिन्दू विरोधी’ ; कहा- “इन्हें राम मंदिर का न्योता मिला फिर भी नहीं जा रहे”

Spread the love

छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि राम मंदिर ट्रस्ट ने सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को निमंत्रण भेजा है, लेकिन वे वहां नहीं जा रहे हैं, क्योंकि वे हिंदू विरोधी हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह शनिवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे हैं।

रायपुर एयरपोर्ट पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत कई बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया। 15 जनवरी तक वे प्रदेश में ही रहेंगे और विभागीय अधिकारियों की बैठक लेंगे। गिरिराज रायपुर और कोरबा जिले में आयोजित कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। वे कोरबा में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

ग्रामीणों को पुरानी सरकार ने लूटा, उसी को ठीक करने आया

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मैं जिस विभाग का मंत्री हूं, उसका नाम है पंचायती राज ग्रामीण विकास। यहां के ग्रामीणों को पुरानी सरकार ने जिस ढंग से लूटा, उसी को मैं ठीक करने आया हूं। छत्तीसगढ़ सरकार कैसे बेहतरी के काम करे, उसके लिए सब के साथ बैठक करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले गिरिराज सिंह

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राज्य अतिथि गृह पहुना में सीएम विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाक़ात की। उन्होंने छत्तीसगढ़ की भौगोलिक, सांस्कृतिक विशेषताओं, विकसित भारत संकल्प यात्रा और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक ईश्वर साहू और सुशांत शुक्ला भी मौजूद रहे।

स्वच्छता कार्यक्रम में होंगे शामिल

गिरिराज सिंह 14 जनवरी को कोरबा में सुबह 10 बजे मंदिर में स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। इसके बाद कोरबा के ग्राम ढोंगदरहा में सुबह 11 बजे आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में शामिल होंगे। वे कोरबा जिले के विकासखंड कटघोरा के ग्राम रंजना में दोपहर 2.15 बजे आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में शामिल होंगे।

केन्द्रीय मंत्री 15 जनवरी को कोरबा जिले के कटघोरा ब्लॉक के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ’पीएम जन मन योजना’ के शुरुआत कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे। इसके बाद वे रायपुर आकर दिल्ली लौट जाएंगे।

लोकसभा चुनावों तक लगातार होंगे मंत्रियों के कार्यक्रम

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में अब लगातार केंद्रीय मंत्रियों का आना-जाना लगा रहेगा। गिरिराज सिंह भी प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों में केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर बात कर माहौल तैयार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *