लड़की को गुलाल लगाने के शक में विवाद : चाकू से गोदकर 2 युवकों की निर्मम हत्या

Spread the love

जगदलपुर। जगदलपुर व बिलासपुर में दो अलग- अलग मामलों में 24 घंटे में तीन लोगों की हत्या कर दी गई। पहली घटना में लड़की को गुलाल लगाने के विवाद दो युवकों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है। दूसरी घटना में पत्नी से विवाद पर पति ने तीन बच्चों के सामने ही उनकी मां की हत्या कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। बस्तर जिले के ग्राम कलचा में एक युवती को रंग-गुलाल लगाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे चार युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दो युवकों की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार,  ग्राम कलचा में रंगपंचमी के एक दिन पहले होलिका दहन एवं मेला का आयोजन किया गया था। यहां रंग- गुलाल खेला जा रहा था।
बताया जा रहा है कि,  2 युवक एक युवती को रंग-गुलाल लगा रहे थे। जिसके बाद उसके प्रेमी और दोस्तों को जब इसकी जानकारी मिली तो 4 लोगों ने मिलकर दोनों युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों में एक नाबालिग है। हमले में ग्राम साड़गुड़ निवासी उमेश बघेल (23) और रोहित बघेल (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए गए। कुछ ही देर के बाद दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने नगरनार पुलिस को सूचना दी।

मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया 
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। नगरनार थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक युवक की प्रेमिका को बिना अनुमति रंग-गुलाल लगा दिया गया। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *