सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सेंधमारी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में बैंक में चोरी का प्रयास और मोबाइल दुकान में सेंध लगाने की वारदात शामिल है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3 लाख 70 हजार रुपए का चोरी का सामान बरामद किया है। पहली घटना ग्रामीण बैंक कुम्दा में सेंधमारी के प्रयास से जुड़ी है। बैंक के शाखा प्रबंधक धीरेन्द्र मौर्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मार्च की शाम बैंक बंद किया गया था। 5 मार्च की सुबह बैंक खुलने पर कर्मचारियों को पीछे की दीवार में सेंध लगी हुई मिली। तिजोरी कक्ष का हैंडल टूटा हुआ था। सीसीटीवी कैमरे के तार भी कटे पाए गए। अज्ञात चोर बैंक के अंदर घुसकर तिजोरी खोलने की कोशिश कर चुके थे।
आरोपी गिरफ्तार, जुर्म कबूला
डीआईजी-एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कुम्दा कॉलोनी निवासी राजेन्द्र चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बैंक में सेंधमारी का प्रयास करने की बात कबूल की। साथ ही 4 मार्च की रात नरेश के गैरेज का ताला तोड़कर करीब 1 लाख रुपए के 36 सामान चोरी करने की घटना स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान तथा वारदात में प्रयुक्त सब्बल बरामद हुआ।
मोबाइल दुकान में सेंधमारी करने वाले दो आरोपी पकड़े गए
दूसरी घटना में श्रीराम मोबाइल शॉप में सेंधमारी कर मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। दुकान संचालक अमित सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 फरवरी की रात दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर चोर 17 नए मोबाइल तथा 10 पुराने मोबाइल चोरी कर ले गए थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू तथा विमल उर्फ नान बाउ को पकड़कर पूछताछ की। दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर 27 मोबाइल फोन कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपए और घटना में प्रयुक्त गैंता बरामद हुआ।