रायगढ़ में शादीशुदा महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़:विरोध करने पर मारपीट, अश्लील मैसेज और फोन कॉल से करता था परेशान; आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शादीशुदा महिला से छेड़छाड़ की गई है। इंस्टाग्राम पर हुई पहचान का फायदा उठाकर युवक महिला के घर में घुस गया और गंदी हरकत करते हुए छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। 29 वर्षीय महिला ने थाना में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया है कि करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान बाराद्वार के वार्ड नंबर 10 सोसायटी रोड निवासी 27 वर्षीय शुभम यादव से हुई थी।

पहचान के बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होने लगी। कुछ समय बाद शुभम इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजने लगा और गाली-गलौज करने लगा। इससे परेशान होकर पीड़िता ने बातचीत बंद कर दी थी। इसके बाद भी आरोपी लगातार पीड़िता और उसके घर के मोबाइल नंबर पर फोन कर बात करने के लिए परेशान करता रहा।

घर में घुसकर शुरू की छेड़छाड़

शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे पीड़िता का पति बच्चों को लेने स्कूल गया था। उस समय महिला घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर वह बाहर निकली तो देखा कि शुभम यादव घर के हाल में घुस चुका था। महिला ने उसे डांटकर बाहर जाने को कहा, लेकिन आरोपी ने गंदी नीयत से धक्का देकर छेड़छाड़ शुरू कर दी।

विरोध करने पर मारपीट कर भागा आरोपी

महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया और अपने पति को फोन करने लगी। इस पर शुभम ने गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर वहां से भाग गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाना में आरोपी के खिलाफ धारा 331(1), 74, 75(1), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल पुलिस टीम ने पुलिस लाइन स्टाफ के साथ बाराद्वार में दबिश दी। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

SSP बोले- महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने वाले आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। पीड़िताएं बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें, तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *