भिलाई – माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़, रायपुर द्वारा आयोजित हाई स्कूल (10वीं) की संस्कृत, उर्दू और पंजाबी विषयों की परीक्षा सोमवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्वक हुई। परीक्षा के दौरान नकल पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा विशेष निगरानी व्यवस्था की गई थी। उड़न दस्ता दलों ने अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं भी नकल करते हुए कोई परीक्षार्थी नहीं पकड़ा गया, जिससे परीक्षा की व्यवस्था संतोषजनक और अनुशासित रही।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा स्वयं परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने मैदान में उतरे। उन्होंने सेलूद, सेजस सेलूद, मर्रा, कानाकोट तथा जामगांव (आर) स्थित स्कूलों में पहुंचकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्राध्यक्षों से परीक्षा संबंधी जानकारी ली और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने केंद्रों में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसी क्रम में जिला मिशन समन्वयक विनोद सिन्हा ने भी चार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुपेला बालक, सुपेला, सेजस तितुरडीह और सेजस दीपक नगर स्कूल में पहुंचकर परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाटन डीके देवांगन ने भी क्षेत्र के चार केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने भिलाई-3, सेजस चरोदा, देवबलोदा और घुघुवा (क) स्कूल में परीक्षा केंद्रों की निगरानी की। अधिकारियों ने केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण और परीक्षार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली।