आप रोज-रोज एक ही तरह की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं, तो लौकी कोफ्ता आपके खाने का स्वाद बदल सकता है। आमतौर पर कई लोग लौकी खाना पसंद नहीं करते, लेकिन जब इसी लौकी से टेस्टी कोफ्ता करी बनाई जाती है तो इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि हर कोई उंगलियां चाटता रह जाता है। लौकी कोफ्ता एक पारंपरिक भारतीय डिश है, जिसे मसालेदार ग्रेवी में तैयार किया जाता है। नरम-नरम कोफ्ते और स्वादिष्ट ग्रेवी का कॉम्बिनेशन रोटी, नान या चावल के साथ बेहद शानदार लगता है। अच्छी बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है।
लौकी कोफ्ता बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप कद्दूकस की हुई लौकी
- 3 बड़े चम्मच बेसन
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- तलने के लिए तेल
ग्रेवी के लिए सामग्री
- 2 टमाटर की प्यूरी
- 1 बारीक कटा प्याज
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 2 बड़े चम्मच तेल
- हरी धनिया सजाने के लिए
लौकी कोफ्ता बनाने का तरीका
लौकी कोफ्ता एक टेस्टी डिनर रेसिपी है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले कद्दूकस की हुई लौकी को हल्का सा दबाकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल लें। अब एक बाउल में लौकी, बेसन, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोल कोफ्ते बना लें। अब कढ़ाई में तेल गरम करें और मध्यम आंच पर इन कोफ्तों को गोल्डन ब्राउन होने तक तल लें। तलने के बाद इन्हें प्लेट में निकालकर अलग रख दें।
अब एक पैन में तेल गरम करें और उसमें बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर कुछ सेकंड भूनें।
अब इसमें टमाटर की प्यूरी, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालें। मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल अलग न दिखने लगे। इसके बाद इसमें थोड़ा पानी डालकर ग्रेवी को उबाल आने तक पकाएं।
जब ग्रेवी अच्छी तरह पक जाए, तब उसमें तले हुए कोफ्ते डाल दें और 2-3 मिनट तक हल्की आंच पर पकने दें। आखिर में ऊपर से गरम मसाला और हरी धनिया डाल दें। टेस्टी लौकी कोफ्ता तैयार है। इसे गर्मागर्म रोटी, पराठा, नान या चावल के साथ परोस सकते हैं।