Meta Pixel

BCCI Awards: 131 करोड़ का इनाम ही नहीं…वर्ल्ड चैंपियन का सम्मान भी होगा, 4 और टीमों को मिलेगा अवॉर्ड…!!

Spread the love

भारतीय क्रिकेट के लिए पिछले एक साल की शानदार उपलब्धियों को यादगार बनाने के लिए बीसीसीआई 15 मार्च को अपना एनुअल अवॉर्ड समारोह आयोजित करने जा रहा। नई दिल्ली में होने वाले इस समारोह में भारत की उन 5 टीमों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने पिछले एक साल में आईसीसी टूर्नामेंट जीते हैं। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि इस अवॉर्ड नाइट का नाम ‘NAMAN’ रखा गया है। इसका मकसद अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में भारत के शानदार प्रदर्शन का जश्न मनाना है। समारोह में 2024-25 सीजन के बेहतरीन खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

ICC ट्रॉफी जीतने वाली टीमों का होगा सम्मान
सैकिया के मुताबिक इस कार्यक्रम में हाल ही में खिताब जीतने वाली भारतीय टीमों के खिलाड़ी, कोच और सपोर्ट स्टाफ को आमंत्रित किया जाएगा। इनमें सीनियर मेंस टीम के साथ-साथ सीनियर महिला टीम, अंडर-19 टीम और अंडर-19 लड़कियों की टीम भी शामिल होगी, जिन्होंने 2025 में आईसीसी टूर्नामेंट अपने नाम किए थे।

2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम भी होगी सम्मानित
इसके अलावा 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ियों को भी इस खास शाम में सम्मानित किया जाएगा। यानी पिछले एक साल में भारत द्वारा जीती गई कुल 5 आईसीसी ट्रॉफी से जुड़े सभी खिलाड़ियों को इस मंच पर सम्मान मिलेगा।

दिल्ली में 15 मार्च को समारोह
बीसीसीआई ने समारोह के लिए दिल्ली में एयरपोर्ट के पास स्थित एक फाइव-स्टार होटल को चुना है। इसकी एक खास वजह भी है। दरअसल, भारतीय पुरुष टीम के कई खिलाड़ी समारोह के बाद सीधे अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के प्री-सीजन कैंप में शामिल होने के लिए निकलेंगे, क्योंकि इंडियन प्रीमियर लीग 28 मार्च से शुरू होने जा रहा। 

इससे पहले बीसीसीआई ने हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि का भी ऐलान किया था। यह रकम 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को दी गई पुरस्कार राशि से 6 करोड़ रुपये ज्यादा है।

सैकिया ने कहा कि इनामी राशि काबंटवारा जल्द बताया जाएगा, लेकिन कुल 131 करोड़ रुपये की राशि अपने आप में ऐतिहासिक है। बीसीसीआई के मुताबिक यह किसी भी विजेता भारतीय टीम को दी गई अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि है। इस पुरस्कार राशि में सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि कोचिंग स्टाफ और चयनकर्ताओं को भी हिस्सा मिलेगा।

बीसीसीआई का मानना है कि पिछले एक साल में भारतीय क्रिकेट ने कई यादगार उपलब्धियां हासिल की हैं। ऐसे में NAMAN अवॉर्ड्स के जरिए उन सभी खिलाड़ियों और टीमों को सम्मान देना भारतीय क्रिकेट के लिए एक खास और गर्व भरी शाम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *