राजधानी रायपुर के टिकरापारा इलाके में सराफा कारोबारी से ठगी का शिकार बनाया गया है। पति-पत्नी दुकान पर पहुंचे और करीब 5 लाख रुपए की ज्वैलरी लेकर पैसे लाने की बात कहकर फरार हो गए। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक कारोबारी का नाम दुर्गा प्रसाद सोनी, जबकि आरोपियों के नाम कमलेश्वरी साहू और मेशराम साहू बताया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
टिकरापारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्गा प्रसाद सोनी देवपुरी में ‘मां दुर्गा ज्वेलर्स’ नाम से दुकान संचालित करते हैं। गुरुवार 12 मार्च की शाम उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कारोबारी ने बताया कि कमलेश्वरी साहू और मेशराम साहू उनकी दुकान पर ज्वैलरी खरीदने पहुंचे थे।
दोनों ने सोने का रानी हार, बाली, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया सहित करीब 4 लाख 93 हजार रुपए की ज्वैलरी पसंद की। उन्होंने पसंद की गई ज्वैलरी पहन ली और कहा कि वे परिचितों से पैसे लेकर आते हैं। यह कहकर दोनों दुकान से निकल गए, लेकिन वापस नहीं लौटे।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि कुशालपुर, पुरानी बस्ती निवासी दुर्गा प्रसाद सोनी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों के भागने के रास्ते का पता चल सके।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।