Meta Pixel

महतारी वंदन योजना से संवरा आरती का कल

Spread the love

दुर्ग, 18 मार्च 2026/ महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ सरकार की एक ऐसी दूरदर्शी पहल है, जिसने प्रदेश की लाखों महिलाओं के सपनों को पंख दिए हैं और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर समाज में एक नई पहचान भी दिलाई है। यह योजना वित्तीय सहायता के साथ-साथ महिलाओं के आत्मविश्वास और उनके स्वावलंबन का आधार बन रही है। इस बदलाव की एक जीती-जागती तस्वीर दुर्ग जिले के शांति नगर में देखने को मिलती है, जहाँ एक साधारण गृहणी ने शासन की इस मंशा को हकीकत में बदल दिया है।
दुर्ग नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 17, शांति नगर की रहने वाली श्रीमती आरती साहू की कहानी संघर्ष से सफलता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देती है। महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली नियमित राशि ने आरती के जीवन में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया। इस आर्थिक संबल का सही उपयोग करते हुए उन्होंने अपने हुनर और मेहनत के दम पर पूजा सामग्री, फूल और नारियल का एक छोटा व्यवसाय शुरू किया। आरती बताती हैं कि योजना से मिली मदद ने उन्हें शुरुआती पूंजी जुटाने में बहुत सहयोग किया। आज वे अपनी मेहनत से प्रतिमाह 5,000 से 6,000 रुपये तक कमा रही हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से काफी बेहतर और सुदृढ़ हुई है। आरती साहू जैसी महिलाओं की यह सफलता दर्शाती है कि जब नारी को सही अवसर और सरकारी योजनाओं का साथ मिलता है, तो वह न केवल अपने परिवार का सहारा बनती है, बल्कि पूरे समाज के लिए एक मिसाल पेश करती है। श्रीमती आरती ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद किया। महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिला यह सम्मानजनक सहयोग आज प्रदेश की नारी शक्ति के सशक्तिकरण और समृद्धि के नये द्वार खोल रहा है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *