Meta Pixel

रायपुर में घरेलू सिलेंडर का अवैध भंडारण…कारोबारी गिरफ्तार:पुलिस ने रेड मारकर 16 इंडियन गैस सिलेंडर जब्त किए, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

Spread the love

राजधानी रायपुर में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। खमतराई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से 16 इंडियन गैस सिलेंडर बरामद किए। इनकी बाजार कीमत करीब 64,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम संजय साव है, जो पेशे से किराना कारोबारी है।

बंजारी मंदिर के पास अवैध गैस सिलेंडर स्टॉक

खमतराई पुलिस के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बंजारी मंदिर के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खमतराई पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

वहां आरोपी संजय साव (30 वर्ष) को गैस सिलेंडरों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने सिलेंडरों के भंडारण और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी 16 गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया।

आरोपी रावाभाठा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग नंबर 1 में संतोष किराना स्टोर का संचालन करता है।

खाद्य विभाग को दी जाएगी सूचना

खमतराई पुलिस के अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशानुसार की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन के थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब इस मामले में खाद्य विभाग को पत्राचार कर आगे की कार्रवाई के लिए अवगत कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *