सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के परिवहन एवं डीजल (टी एंड डी) विभाग में सुरक्षा जागरूकता सप्ताह का समापन समारोह वर्क्स बिल्डिंग-14 के कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) श्री तुषारकान्त तथा महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री सुकुमारन सुनोव रहे। समारोह की अध्यक्षता महाप्रबंधक प्रभारी (टी एंड डी) श्री गोपीनाथ मलिक द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विभागीय सुरक्षा अधिकारी (टी एंड डी) श्री विजय कुमार द्वारा सभी उपस्थितजनों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक (लोको रिपेयर शॉप एवं वैगन रिपेयर शॉप) श्री मनोज कुमार प्रसाद द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत महाप्रबंधक प्रभारी (टी एंड डी) श्री गोपीनाथ मलिक ने सुरक्षा प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर में विभाग में संचालित विभिन्न सुरक्षा गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) श्री तुषारकान्त ने अपने संबोधन में व्यवहारिक सुरक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि किसी भी कार्य के पूर्व उसमें निहित संभावित खतरों का आकलन एवं चर्चा करना सुरक्षित कार्य निष्पादन की दिशा में अत्यंत आवश्यक है। महाप्रबंधक प्रभारी (टी एंड डी) श्री गोपीनाथ मलिक ने सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए विभाग में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा बेहतर हाउसकीपिंग एवं सुरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने पर जोर दिया। वहीं महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री सुकुमारन सुनोव ने सुरक्षा जागरूकता को व्यवहार में उतारने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित गृह व्यवस्था, सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा कर्मी, नारा एवं कविता, तात्कालिक भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। गृह व्यवस्था प्रतियोगिता में ऑपरेशन विंग के ब्लास्ट फर्नेस स्टेशन तथा अनुरक्षण विंग के रेलवे सिग्नलिंग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, वहीँ ओवरऑल बेस्ट गृह व्यवस्था के लिए ब्लास्ट फर्नेस स्टेशन को सम्मानित किया गया। परिवहन एवं डीजल संगठन के ओवरऑल बेस्ट सेफ्टी मैन के रूप में श्री अजय विलियम को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर टीए (प्रशिक्षुओं) द्वारा प्रस्तुत सुरक्षा लघु नाटिका “शादी की शर्तें” रही, जिसका निर्देशन विभागीय सुरक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार द्वारा किया गया। नाटिका का मंचन सुश्री रानी, सुश्री सुष्मिता, सुश्री विनीता, सुश्री ममता एवं सुश्री वीना द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री रितेश कुमार तिवारी एवं सुश्री रानी ने किया व धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (प्रचालन) श्री रिनोज कुमार सिंह ने दिया। समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी, अनुभाग/स्टेशन प्रभारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।