भारतीय खाने में पनीर की डिशेज का अपना ही खास स्थान है, और जब बात पनीर बटर मसाला की हो तो इसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। क्रीमी ग्रेवी, मक्खन की खुशबू और मसालों का परफेक्ट संतुलन इसे हर उम्र के लोगों की पसंद बना देता है। अक्सर लोग इसे सिर्फ रेस्टोरेंट में ही खाना पसंद करते हैं, लेकिन अब आप इसे घर पर भी बिल्कुल होटल जैसा स्वाद देकर बना सकते हैं। सही सामग्री और आसान विधि अपनाकर आप इस डिश को खास बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी परफेक्ट रेसिपी।
पनीर बटर मसाला बनाने के लिए सामग्री
- पनीर – 250 ग्राम (क्यूब्स में कटा हुआ)
- टमाटर – 4 (प्यूरी बनाई हुई)
- प्याज – 2 (बारीक कटे हुए)
- अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 चम्मच
- काजू – 10-12 (भिगोए हुए)
- मक्खन – 2-3 चम्मच
- क्रीम – 1/2 कप
- लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच
- हल्दी – 1/2 चम्मच
- गरम मसाला – 1/2 चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- कसूरी मेथी – 1 चम्मच
- तेल – 1 चम्मच
पनीर बटर मसाला बनाने का तरीका
पनीर बटर मसाला खास मौकों के लिए परफेक्ट डिश है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले टमाटर और भीगे हुए काजू को मिक्सर में डालकर स्मूद पेस्ट बना लें। यही पेस्ट आपकी ग्रेवी को क्रीमी और रिच बनाएगा।
एक कड़ाही में मक्खन और थोड़ा तेल डालकर गर्म करें। इसमें बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट डालें और खुशबू आने तक पकाएं। इसके बाद तैयार टमाटर-काजू पेस्ट डालकर अच्छे से पकाएं, जब तक मसाला तेल छोड़ने न लगे।
अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालें। मसालों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट पकाएं। इसके बाद पनीर के टुकड़े डालें और हल्के हाथ से मिलाएं ताकि पनीर टूटे नहीं।
अब ग्रेवी में क्रीम डालें और अच्छी तरह मिलाएं। ऊपर से कसूरी मेथी और गरम मसाला डालकर 2-3 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। इससे डिश में रेस्टोरेंट जैसा फ्लेवर आ जाएगा।
गरम-गरम पनीर बटर मसाला को नान, रोटी या जीरा राइस के साथ सर्व करें। ऊपर से थोड़ा मक्खन और क्रीम डालकर गार्निश करें। यह रेसिपी घर पर आसानी से बनती है और इसका स्वाद बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा होता है।