Meta Pixel

पुरुष वर्ग हॉकी में छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड एवं मध्यप्रदेश ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

Spread the love

रायपुर, 29 मार्च 2026/ खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पांचवें दिन महिला हॉकी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मिजोरम, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा की टीमों ने उत्कृष्ट खेल का परिचय देते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दिन के मुकाबलों में गुजरात ने तमिलनाडु को 10-1 से पराजित किया, जबकि ओडिशा ने झारखंड को रोमांचक मुकाबले में 5-4 से हराया। मिजोरम ने मध्यप्रदेश को 6-0 से शिकस्त दी और छत्तीसगढ़ ने बिहार को 9-0 से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। बेहतर प्रदर्शन के बावजूद गुजरात और छत्तीसगढ़ की टीमें सेमीफाइनल में स्थान नहीं बना सकीं। सेमीफाइनल में झारखंड का मुकाबला मिजोरम से तथा मध्यप्रदेश का सामना ओडिशा से होगा।

पुरुष हॉकी में भी मुकाबले बेहद एकतरफा और आक्रामक रहे। ओडिशा ने असम को 12-1 से हराया, मध्यप्रदेश ने गोवा को 11-2 से परास्त किया, झारखंड ने कर्नाटक को 3-1 से मात दी तथा छत्तीसगढ़ ने आंध्रप्रदेश को 7-0 से हराते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस प्रकार पुरुष वर्ग में ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश ने अंतिम चार में जगह बनाई है।

छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम ने आंध्रप्रदेश के खिलाफ अपने मुकाबले में बेहद आक्रामक खेल दिखाया। मैच के पहले ही मिनट में गोल दागते हुए टीम ने विपक्ष पर दबाव बना दिया और पहले क्वार्टर में 3-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। पूरे मैच में टीम का तालमेल, गति और रणनीति प्रभावशाली रही, जिससे 7-0 से एकतरफा जीत सुनिश्चित हुई।

सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी सबकी नजरें

हॉकी प्रतियोगिता में अब मुकाबला और भी रोमांचक होने जा रहा है। सेमीफाइनल में पहुंची टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी। खिलाड़ियों का उत्साह और प्रदर्शन खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ का मुकाबला ओडिशा से तथा झारखंड का सामना मध्यप्रदेश से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *