देश और दुनिया में 3 अप्रैल के दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं सामने आईं, जिनका असर कला, शिक्षा, रक्षा और शासन जैसे अलग-अलग क्षेत्रों पर देखने को मिला। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए ये अपडेट बेहद अहम हैं, क्योंकि ये सीधे तौर पर परीक्षाओं में पूछे जाने वाले विषयों से जुड़े होते हैं।
सबसे पहले बात करें ऊर्जा क्षेत्र की, तो वम्सी राम मोहन बुर्रा को Power Grid Corporation of India Limited का नया चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उन्होंने 1 अप्रैल को पदभार संभाला और वे 31 जुलाई 2030 तक इस जिम्मेदारी को निभाएंगे। पावर ट्रांसमिशन और टेलीकॉम सेक्टर में तीन दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले वम्सी पहले पावरग्रिड के प्रोजेक्ट्स डिपार्टमेंट के डायरेक्टर रह चुके हैं। वे डॉ. रविंद्र कुमार त्यागी की जगह इस पद पर आए हैं, जो हाल ही में रिटायर हुए।
कला जगत में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना जब राजा रवि वर्मा की मशहूर पेंटिंग ‘यशोदा और कृष्णा’ 167 करोड़ रुपए में नीलाम हुई। यह 1890 के दशक की ऑयल पेंटिंग है, जिसे साइरस एस पूनावाला ने खरीदा। यह नीलामी Saffronart के जरिए हुई और इसने मॉडर्न इंडियन आर्ट की सबसे महंगी पेंटिंग बनने का रिकॉर्ड कायम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड एम.एफ. हुसैन की पेंटिंग के नाम था। यह उपलब्धि भारतीय कला की वैश्विक पहचान को और मजबूत करती है।