Meta Pixel

जूस में जाने वाली बर्फ में निकला मरा मेंढक! कोरबा की घटना से हड़कंप, फैक्ट्री पर कार्रवाई की मांग

Spread the love

छत्तीसगढ़ के कोरबा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के घंटाघर चौपाटी इलाके में एक जूस सेंटर पर इस्तेमाल की जा रही बर्फ में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। यह पूरी घटना उस वक्त सामने आई, जब जूस बनाने के दौरान बर्फ को तोड़ा जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान संचालक जूस तैयार कर रहा था और उसमें डालने के लिए बर्फ की सिल्ली तोड़ रहा था। तभी अचानक उसमें मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ गई है। स्थानीय चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने खुद बर्फ तोड़कर मेंढक को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि यह बर्फ स्थानीय डिपो से खरीदी गई थी, जो आगे किसी फैक्ट्री से सप्लाई की गई थी। इस मामले के सामने आने के बाद ग्राहकों में गुस्सा है और उन्होंने खाद्य-औषधि विभाग और नगर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चौपाटी संघ का कहना है कि यह सिर्फ एक दुकान की गलती नहीं, बल्कि बर्फ सप्लाई करने वाली फैक्ट्री की गंभीर लापरवाही है, जिसकी जांच जरूरी है। वहीं बर्फ डिपो संचालक का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि संबंधित बर्फ किस फैक्ट्री से आई थी।

खाद्य-औषधि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है। अधिकारियों के अनुसार, न केवल इस घटना की जांच की जाएगी, बल्कि शहर की सभी बर्फ फैक्ट्रियों की भी जांच की जाएगी, ताकि इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

यह घटना एक बार फिर साफ करती है कि सड़क किनारे मिलने वाले खाद्य पदार्थों में स्वच्छता कितनी जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भी लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।

जूस बनाते समय जब बर्फ को तोड़ा जा रहा था, तभी उसमें मेंढक दिखाई दिया
जूस बनाते समय जब बर्फ को तोड़ा जा रहा था, तभी उसमें मेंढक दिखाई दिया
चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बर्फ तोड़कर मेढ़क को निकाला।
चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बर्फ तोड़कर मेढ़क को निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *