Meta Pixel

जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में एचएमआईएस अपॉइंटमेंट मॉड्यूल का शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटल रूपांतरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटल रूपांतरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) के अपॉइंटमेंट मॉड्यूल का शुभारंभ किया गया। यह मॉड्यूल मरीजों की सुविधा बढ़ाने एवं अस्पताल की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित एवं कुशल बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

इस मॉड्यूल का औपचारिक उद्घाटन दिनांक 06 अप्रैल 2026 को कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर एवं (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार सहित एचएमआईएस क्रियान्वयन टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम ने स्वास्थ्य सेवाओं में “डिजिटल फर्स्ट” दृष्टिकोण अपनाने के महत्व पर बल देते हुए कहा कि बीएसपी स्वास्थ्य मित्र मोबाइल एप एवं एचएमआईएस वेब पोर्टल के एकीकरण से मरीजों के प्रतीक्षा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा पंजीकरण काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को पारदर्शी, त्वरित एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. विनीता द्विवेदी ने कहा कि यह अपॉइंटमेंट मॉड्यूल अस्पताल के व्यापक डिजिटल इकोसिस्टम का एक महत्वपूर्ण अंग है, जिसमें पहले ही ओपीडी, फार्मेसी एवं लैब सेवाओं में सफलतापूर्वक डिजिटल प्रणाली लागू की जा चुकी है।

नवप्रवर्तित एचएमआईएस अपॉइंटमेंट मॉड्यूल में उपयोगकर्ता-अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके माध्यम से मरीज अब बीएसपी  स्वास्थ्य मित्र एप अथवा एचएमआईएस वेब पोर्टल के जरिए दूरस्थ रूप से ओपीडी अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। प्रणाली में चिकित्सकों की उपलब्धता एवं विभागीय समय-सारणी की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध होती है, जिससे मरीज अपनी सुविधा अनुसार अपॉइंटमेंट निर्धारित कर सकते हैं। साथ ही, डिजिटल टोकन की सुविधा के कारण मरीज निर्धारित समय पर ही अस्पताल पहुंच सकते हैं, जिससे भीड़भाड़ में कमी आएगी।

इस प्रणाली की एक प्रमुख विशेषता इसका फार्मेसी एवं लैब की डिजिटल सेवाओं के साथ एकीकृत होना है, जिससे मरीजों को विभिन्न विभागों में निर्बाध एवं पेपरलेस सेवाएं प्राप्त होंगी।

कार्यक्रम के दौरान एचएमआईएस टीम द्वारा अस्पताल के डिजिटल रोडमैप का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। अस्पताल के वार्डों में एचएमआईएस प्रणाली का क्रियान्वयन प्रारंभ हो चुका है तथा परिसर में उच्च गति नेटवर्क परियोजना के पूर्ण होने के साथ ही इन-पेशेंट विभाग (आईपीडी) का पूर्ण एकीकरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे भविष्य में पूर्णतः पेपरलेस स्वास्थ्य सेवा प्रणाली स्थापित की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *