पेंड्रा – छत्तीसगढ़ के पेंड्रा स्थित पटियाला हाउस में परम पूज्य महामंडलेश्वर 1008 माँ योग योगेश्वरी यती के पावन आगमन पर एक भव्य एवं दिव्य कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर पूज्य माता के दर्शन एवं आशीर्वाद से लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में संत स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य एवं स्वामी परमात्मानंद की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का आध्यात्मिक वातावरण और अधिक ऊर्जावान हो गया।
अपने उद्बोधन में पूज्य माँ योग योगेश्वरी यती ने कहा कि, राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण, धर्म के प्रति अटूट आस्था और समाज सेवा ही सच्ची पूजा है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करता है, तभी राष्ट्र सशक्त और समृद्ध बनता है। वहीं, पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्र संपर्क प्रमुख विजय देवांगन ने नर्मदा अंचल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भूमि अत्यंत पावन और गौरवशाली है। उन्होंने कहा कि, यह वही तपोभूमि है जहाँ भगवान शिव ने साधना की थी और सभी से इस पावन संस्कृति एवं परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
दिव्य संतों का सान्निध्य मिलना अत्यंत सौभाग्य की बात- तोखन साहू
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि, ऐसे दिव्य संतों का सान्निध्य मिलना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि संतों के आशीर्वचन हमें धर्म, संस्कार और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं। साथ ही समाज में एकता, जागरूकता और सकारात्मकता फैलाने पर भी जोर दिया।
हर्ष छाबरिया ने श्रद्धालुओं का आभार किया व्यक्त
कार्यक्रम के अंत में हर्ष छाबरिया ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों का सान्निध्य समाज को सही दिशा देने के साथ-साथ एकजुटता और जागरूकता का संदेश देता है। इस अवसर पर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।