महाराष्ट्र के Thane जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मुर्बाड के गोविली गांव स्थित रैता ब्रिज पर एक तेज रफ्तार वैन और सीमेंट मिक्सर ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 11 लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:45 बजे उस वक्त हुआ जब कल्याण से मुर्बाड की ओर जा रही एक यात्री वैन सामने से आ रहे सीमेंट मिक्सर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन में सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
इस हादसे में मृतकों में 8 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। अब तक 6 लोगों की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, दो गंभीर घायलों को इलाज के लिए उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और रैता ब्रिज पर आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
रेस्क्यू टीम को वैन में फंसे लोगों को निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा, जिसके बाद शवों को बाहर निकाला गया। यह दृश्य बेहद दर्दनाक था, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
बताया जा रहा है कि यह वैन रोजाना की तरह यात्रियों को लेकर कल्याण से मुर्बाड के बीच चलती थी और हादसे के वक्त इसमें ड्राइवर समेत 12-13 लोग सवार थे।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरे की ओर इशारा करता है। एक छोटी सी लापरवाही या तेज स्पीड किस तरह कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ सकती है, इसका यह दर्दनाक उदाहरण बन गया है।
5 तस्वीरों में हादसा…




